
नई दिल्ली। समाजसेवी अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र सरकार में जल संसाधन और चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन से बातचीत के बाद लोकपाल को लेकर आज से प्रस्तावित आमरण अनशन को आगे के लिए स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकपाल नियुक्त करने की दिशा में मोदी सरकार सक्रिय है। इस बात को लेकर काम हो रहा है। उन्होंने मंत्री के साथ बातचीत में भ्रष्टाचार और कालेधन पर रोक को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। बता दें कि 2011 में दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकपाल और भ्रष्टाचार उन्मूलन को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। उनके आंदोलन को जनता का अपार समर्थन मिला था। उनके आंदोलन से घबराकर केंद्र सरकार ने जनलोकपाल विधेयक का मसौदा तैयार करने के लिए झटपट एक समिति की घोषणा की। उसने 16 अगस्त से पहले संसद में एक मजबूत लोकपाल विधेयक पास कराने पर भी सहमति प्रकट कर दी। उसके बाद उन्होंने अपना अनशन समाप्त घोषित कर दिया था।