
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में वरिष्ठ पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या के बाद पत्रकारों की सुरक्षा देने की मांग अभी पूरी भी नहीं हुई कि भाजपा विधायक ने पत्रकारों को चेतावनी दी है। जम्मू कश्मीर सरकार में मंत्री रहे भाजपा विधायक चौधरी लाल सिंह ने कश्मीरी पत्रकारों से कहा कि बुखारी जैसा काम न करें और अपनी लाइन खिंच लें। बता दें कि ये वही विधायक हैं जिन्होंने कठुआ गैंगरेप के आरोपियों का पक्ष लिया था, जिसके बाद मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ गया था।
अब्दुल्ला ने उठाए सवाल
लाल सिंह के इस बयान पर अब विवाद तेज हो गया है। पूर्व सीएम और नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने इसपर भाजपा को घेरा है। उमर ने कहा कि ऐसे हैं भाजपा के विधायक। जो खुलेआम पत्रकारों को बुखारी जैसे हश्र की धमकी दे रहे हैं।
एनकाउंटर के आंकड़ों पर फंसी भाजपा, अब्दुल्ला बोले- एनडीए सरकार में बढ़ा आतंकवाद
विधायक ने क्या कहा…
बता दें कि भाजपा विधायक चौधरी लाल सिंह ने शुक्रवार को कश्मीर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों को धमकी भरे लहजे में कहा कि कश्मीर के पत्रकारों ने गलत गलत माहौल पैदा कर दिया है। अब मैं कश्मीरी पत्रकारों से कहूंगा कि आप भी अपनी पत्रकारिता की लाइन खुद तय कर लें कि कैसे रहना है। वैसा रहना जैसे शुजात बुखारी के साथ हुआ है? इसलिए अपने आप को संभालिए और लाइन खींच लिजिए, ताकि यह भाईचारा न टूटे और बना रहे।