
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि देश के हर नागरिक के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करवाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार देशभर में जेनरिक दवाओं के 1,500 और केंद्र खोलेगी। सरकार की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के लाभार्थियों को ‘वीडियो ब्रिज’ के जरिए संबोधित करते हुए मोदी ने स्वास्थ्य को सारी सफलताओं व समृद्धि का आधार बताया और कहा कि कई परिवारों को स्वास्थ्य पर भारी खर्च का बोझ उठाना पड़ रहा है। वीडियो ब्रिज के जरिए अपने पांचवें संबोधन में मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में 3,600 जनौषधि केंद्र खोले हैं जहां 700 से अधिक जेनरिक दवाइयां कम कीमतों पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन केंद्रों की संख्या 5,000 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मिशन इंद्रधनुष के तहत 528 जिलों में 3.15 करोड़ बच्चों और 80 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया है।