
अरुण रंजन
इलाहाबाद. फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए पूर्व सांसद बाहुबली अतीक अहमद ने जेल से निर्दलीय नामांकन करा अपने विरोधियों के पसीने छुड़ा दिए हैं। बाहुबली अतीक अहमद को शुक्रवार को देवरिया जेल से इलाहाबाद जिला न्यायालय पेश करने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए। पेशी के दौरान अतीक की एक झलक के लिए हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पेशी के बाद अतीक ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सपा के साथ बीजेपी सहित अन्य पर जबरदस्त निशाना साधा।
पूर्व विधायक राजू पाल हत्याकांड मामले के मुख्य गवाह को धमकाने और शियार्डस मामले को लेकर इलाहाबाद जिला न्यायालय में शुक्रवार को बाहुबली अतीक अहमद की पेशी थी। पेशी में आए बाहुबली अतीक अहमद ने मुसलमानों को जन्मजात सेकुलर बताया। कहा कि सेकुलर हमारे धर्म में है। अब मेरे वोट की ठेकेदारी कोई दूसरा नहीं करेगा। मैं अब अपने वोट की ठेकेदारी खुद करूंगा। इसके साथ ही अतीक अहमद ने अपनी खुद की नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया।
हालंाकि उन्होंने अभी पार्टी का नाम अभी घोषित नहीं किया। उन्होंने कहा अब हम अपना रास्ता खुद बनाएंगे। नई पार्टी बनाने की आवश्यता के सवाल पर अतीक ने बिना नाम लिए सपा निशाना साधते हुए कहा क्या करें जब 35 साल से उनके पीछे पीछे चलते रहे। बावजूद इसके बीजेपी को वो नहीं रोक पाए। बीजेपी दिल्ली में भी आ गई, यूपी में भी आ गई और ये समझौता करते रहते हैं। हमारा वोट बेचते रहते हैं। ऐसें अपने वोट की ठेकेदार खुद ही करने की जरूरत आन पड़ी।
भैंस मांस पर अखिलेश पर बोला हमला
बीजेपी की सरकार बनते ही यूपी के अवैध स्लाटर हाउस पर ताला लगा दिया गया। इसे लेकर अतीक अहमत ने जबदरस्त विरोध किया। अतीक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे सूबे के अंदर भैंस का गोश्त बंद करा दिया गया। जो कि व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है। बावजूद इसके अखिलेश यादव ना तो सड़क पर उतरे और ना जेल गए। मायावती ने भी कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा पार्टी तो बहुत बड़ी है। तो क्या पार्टी का काम केवल वोट लेने भर से हैै। उनकी नई पार्टी के नाम पर कहा कि पार्टी का नाम तो एक घंटे में तय हो जाएगा। पार्टी का नाम नहीं बल्कि मकसद बड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा सेमुलर वोटो की जिम्मेदारी कोई दूसरा नहीं करेगा। हम खुद करें तो क्या बुरा है।
बीजेपी को बताया झूठा, कहा त्रिकोणी मुकाबला
बाहुबली अतीक अहमद से जब कहा गया बीजेपी आपसे अपनी लड़ाई मानती है, आप किससे अपना मुकाबला मानते हैं? इस सवाल के जवाब में अतीक अहमद ने कहा बीजेपी वाले झूठे होते हैं। हमारी लड़ाई त्रिकोणी है। उन्होंनेे कहा अखिलेश यादव अब मायावती का समर्थन ले लिए हैं तो कुछ मजबूत हो गए हैं। लेकिन वोटर आपस में घुलामिला नहीं है।
दलित और ब्राह्मण वोटर्स को घेरने साधा निशाना
चुनाव प्रचार के दौरान अतीक के बेटे उमर ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि बसपा उनका समर्थन कर रही है। अतीक ने बेटे के इस बयान पर सफाई देते हुए कि बसपा ने उन्हें समर्थन नहीं किया है बल्कि बसपा के लोगों ने मेरा समर्थन जरूर किया है। उन्होंने दलित और ब्राह्मण वोटर्स को घेरते हुए कहा कि दलिस समाज बड़ी सख्या में हमारे साथ हैं। फूलपुर का पांच साल सांसद रहा। वहां का ब्राह्मण समाज आज भी हमारी बात कर रहा है। ब्राह्मण समाज ये कहता है अतीक पांच साल सांसद रहे लेकिन उन्होंने कभी हमारे साथ कोई दिक्कत नहीं किया। इस तरह ब्राह्मण समाज भी मेरे साथ खड़ा है।
अखिलेश की नाराजगी
अखिलेश की उनसे नाराजगी के सवाल पर अतीक ने कहा कि अगर कोई अपने पैर पर खड़ा हो तो पूछेंगे कि नाराजगी क्यों हो गई है। फिर कहेंगे वोट कटवा हो गया है। वोट कटवा के डर से क्या पीछे पीछे झुक कर चलते रहें। उन्होंने अखिलेश मुस्लिम विरोधी के सवाल पर कहा कि समय समय पर मैंने बहुत चीजें महसूस की है। जरूरत है नए रास्ते की। मैं नया रास्ता बना रहा हूं।
चुनाव प्रचार ठप होने के बाद हुई अतीक की पेशी
फूलपुर लोकसभा उपचुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन था। प्रचार के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रोड शो के माध्यम से फूलपुर लोकसभा उपचुनाव प्रचार मैदान में अपनी ताकत झोंक रहे थे। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या सहित बीजेपी के दिग्गज नेताओं के साथ और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर भी अपने प्रत्याशी का दिनभर प्रचार करते नजर आए। उम्मीद की जा रही थी निर्दलीय प्रत्याशी बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद को पांच बजे से पहले ही कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा। लेकिन किन्हीं कारणों से संभव नहीं हो पाया। चुनाव प्रचार ठप होने के बाद अतीक को न्यायालय में पेश किया गया।
अतीक समर्थकों पर हुआ लाठी चार्ज
अतीक के पेशी की खबर फैलते ही कचहरी में हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर न्याय भवन के गेट पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई। कोर्ट परिसर के आसपास घुम रहे लोगों कों वहां से बाहर निकाला गया। पांच बजते ही जैसे ही पुलिस वैन में अतीक को लेकर कचहरी पहुंची। लोगों ने वैन पर फूलमाला फेंक अतीक के समर्थन में नारे लगाना शुरू कर दिया। लोगों की भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने अतीक की सुरक्षा के मद्देजन रख लाठी चार्ज कर दिया। जिसके बाद भगदड़ मच गई। इसके बाद किसी तरह पुलिस ने अतीक के वैन से बाहर निकाल तत्काल कोर्ट में पेश किया। लेकिन अतीक के पीछे कोर्ट रूम के बाहर तक सैंकड़ों समर्थकों की भीड़ खड़ी रही। ऐसे में अतीक की पेशी के दौरान पुलिस प्रशासन के भी पसीने छूट गए।
अतीक के बच्चे पिता से मिलने दिखे भावुक
बाहुबली अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर इस समय पिता के लिए चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को पिता की पेशी के चलते उमर कचरी के सामने ही सभा आयोजित कर समर्थकों में उत्साह भरते नजर आए। वहीं पिता की पेशी की खबर पा कर अतीक के दोनों छोटे बेटे भी कचहरी पहुंचे। कचहरी में समर्थकों की जबदरस्त भीड़ के बीच अतीक के पहुंचते ही सबसे पहले बड़े बेटे उमर ने उनका स्वागत किया। ज्यादा धक्कामुक्की के कारण अतीक के दोनों छोटे बेटे उनसे नहीं मिल पाए।
वहीं कोर्ट पेशी के बाद जैसे ही अतीक सीढ़ियों से नीचे उतरे कुछ लोग अतीक से मिलाने के लिए दोनों बच्चों को लाने लगे। इसी बीच जबरदस्त धक्कामुक्की हुई। दोनो लड़के नीचे गिरने से बच गए। हालांकि कुछ लोगों ने उन्हें संभालते हुए आगे किया लेकिन दोनो बच्चे अपने पिता से जबतब कुछ कह पाते अतीक मीडिया के सवालों में उलझ गए। मीडिया से मुखातिब होने के बाद पुलिस उन्हें बिना विलम्भ अपने वैन में डाल चल पड़ी। ऐसे में दोनो बच्चों को अपने पिता से ठीक से मिलने का मौका तक नहीं मिल पाया।