
रायबरेली. प्रदेश में भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण के चाहे जितने दावे करें परंतु महिलाओं पर हो रहे उत्पीड़न थमने का नाम नहीं ले रही है। मामला बछरावां थाना क्षेत्र का है जहां की एक छात्रा ने कस्बे के ही एक साइबर कैफे संचालक पर उसे जबरन शादी करने वाला ब्लैकमेल कर उसके साथ दुराचार करने की शिकायत बछरावां थाने में की है।
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि कस्बे के ही एक साइबर कैफे पर वह नौकरी के फार्म भरने के लिए जाती थी। इसी दौरान साइबर कैफे का संचालक धर्म सिंह पुत्र हरिनाथ निवासी तमनपुर उसके पीछे पड़ गया और आए दिन उसे परेशान करने लगा। 14 मार्च को उसे जबरदस्ती अपनी बाइक में बैठाकर उसका मोबाइल फोन छीन कर अपने घर ले गया और उसके साथ दुराचार किया।
इसकी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी छात्रा को मोबाइल पर भी अत्यधिक परेशान कर रहा है जिसके चलते छात्रा स्कूल और कोचिंग भी नहीं जा पा रही है। पीड़िता ने मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया है कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है जांच कराई जा रही है। मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा। बताते चलें कि इससे पूर्व रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार की घटना हुई थी। जिसका आरोपी अभी फरार चल रहा है और खीरो में भी चाकू लगा कर बलात्कार किए जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक से एक महिला ने कल दर्ज कराई थी।