
कोरबा. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 250 किलोमीटर दूर कोरबा जिले के बाल्को फारेस्ट रेंज के एक गांव में कल एक हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। वन विभाग ने बताया की जिस हाथी की मौत हुई है उसकी उम्र 8 साल थी।गौरतलब है कि बुधवार की सुबह दो हाथी बेला की तरफ आ रहे थे। खेत से गुजरते वक़्त करंट की चपेट में आने से आठ वर्षीय नर हाथी की मौत हो गई थी। दोनों ही हाथी का रिश्ता माँ-बेटे का था। नर हाथी की मौत के बाद मादा हाथी बुधवार को दिनभर उसके शव के पास डटी रही, जो भी पास आया उसे चिंघाड़ मारकर भगाया। कुछ देर के लिए हाथी पानी पीने के लिए नाले के करीब गई। उसके बाद फिर आ गई। रात भर वह वहीं डटी रही।
जाने से पहले एक घंटे तक खड़े होकर शव को निहारती रही। भीड़ को देखकर हथिनी जा नहीं रही थी। उसे डर था कि उसके बेटे के शव को कोई वहां से ले जाएगा। इसलिए वन विभाग ने कुछ देर के लिए पूरी जगह को खाली करा दिया। इसके बाद हथिनी वहां से जंगल की ओर लौट गई।