
राजनांदगांव. नगर निगम की सामान्य सभा में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। निगम अध्यक्ष पर साइकिल वितरण को लेकर कमीशन का आरोप लगाकर कांग्रेसी पार्षदों ने जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। कांग्रेसी पार्षदों के हंगामे को देखकर सभापति ने सामान्य सभा स्थगित करने की घोषणा कर दी।
्रएक दिन पहले महापौर द्वारा बुलाई गई बैठक में भाजपा दल के पार्षदों ने अपनी ही पार्टी के नेता निगम अध्यक्ष शिव वर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद मुक्त किए जाने की मांग रख दी है। इसके लिए पार्षदों ने जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पार्षदों को नहीं मिल पाने की दुहाई दी है।
निगम अध्यक्ष के इस तरह के रवैये व कार्यप्रणाली से पार्षदों ने अपनी प्रतिष्ठा धूमिल होने की बात भी लिखी है। हालांकि महापौर की समझाइश के बाद ये पार्षद शांत जरूर हो गए पर पार्षदों ने इस पत्र को सार्वजनिक कर दिया है।
ज्ञात हो कि सोमवार को नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक रखी गई है।
सामान्य सभा के दिन पहले महापौर मधुसूदन यादव ने भाजपा पार्षदों का बैठक लिया। बैठक में भाजपा के पार्षदों ने ही निगम सभापति के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की लिखित शिकायत महापौर से कर दी। इस शिकायती आवेदन में बैठक में मौजूद २४ पार्षद व छह एल्डरमैन ने भी हस्ताक्षर किया है। इसकी कॉपी पत्रिका के पास मौजूद है।