
पलसाना.
सीकर जिले के पलसाना कस्बे के पास रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर भदाला की ढाणी के पास दो कारों की आमने सामने की टक्कर में दो जनों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं पांच जने घायल हो गए। पलसाना अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दो घायलों को जयपुर व तीन को उपचार के लिए सीकर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार भदाला की ढाणी बायपास तिराहे के पास रविवार रात करीब 12 बजे पलसाना की ओर से जा रही एक कार की जयपुर की ओर से आ रही कार से टक्कर हो गई। जिससे एक कार में सवार पलसाना निवासी सतीश राव, विजयनगर निवासी विवेक बिजारनियां, अखैपुरा निवासी मनोज भीचर और भदाला की ढाणी निवासी बनवारीलाल भदाला और दूसरी कार में सवार श्रीमाधोपुर निवासी कपिल चौधरी उसकी पत्नी सुमन और बेटा प्रतीक घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके के पर आए लोगों ने एक कार में सवार सतीश, विवेक, बनवारी और मनोज को उपचार के लिए पलसाना अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने सतीश और विवेक को मृत घोषित कर दिया।
बनवारी और मनोज की हालत गंभीर होने पर दोनों को जयपुर रैफर कर दिया। वहीं दूसरी कार में सवार लोगों को 108 एंबुलेंस के आने पर घटना स्थल से सीधे ही सीकर भेज दिया गया। जिनका एसके अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सूचना पर मौके पर पहुंची रानोली पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके से हटवाकर थाने ले गई। मृतकों के शवों को पलसाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल में मृतकों के परिजनों और जानकारों की भीड़ लग गई।