
वाराणसी. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने युवा उद्घोष के साथ मिशन 2019 का शंखनाद कर दिया है। शनिवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान में आयोजित बीजेपी के कार्यक्रम में अमित शाह ने हजारों नये युवाओं को पार्टी से जोडऩे के साथ विरोधी दलों को भी जबाव दे दिया है। अमित शाह ने यूपी को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने की बात कहते हुए सीएम योगी सरकार की भी प्रशंसा की।
यह भी पढ़े:-बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के साथ आयेंगे सीएम योगी, कार्यक्रम में जाने वालों की ली जा रही तलाशी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि बाबा काशी विश्वनाथ देश की ऊर्जा का केन्द्र हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी यहां से सांसद है और उन्होंने काशी के विकास के लिए 2900 करोड़ की योजना चलायी है। काशी को स्मार्ट सिटी बनाने के साथ ही देश के 9.50करोड़ युवाओं को बिना गारंटी मुद्रा लोन दिलाया गया है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने गरीबों के विकास के लिए बहुत योजना चलायी है। गरीबों के घरों में पहले धुआं निकलता था लेकिन केन्द्र सरकार ने ऐसे लोगों को एलपीजी सिलेंडर देकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का कार्य किया है। महिलाओं के सम्मान के लिए देश भर में 7.50 करोड़ शौचालय बनवाये गये है। वर्ष 2018 तक देश के सभी गांव तक बिजली पहुंच जायेगी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पहले जब में काशी के अमेठी कोठी में आता था तो दिन भर वहां पर जेनरेटर चलता था पूछने पर पता चलता था कि बहुत कम बिजली आती है, लेकिन जब से यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार आयी है तब से प्रदेश में बिजली व्यवस्था में सुधार हो गया है। मात्र १० माह के कार्यकाल में ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था ठीक करने के लिए बहुत काम किया है, जिसका परिणाम सामने आ गया है। अपराध के ग्राफ में बहुत कमी आयी है।
यह भी पढ़े:-सीएम योगी व अमित शाह के युवा उद्घोष कार्यक्रम को बड़ा झटका, खाली रह गयी हजारों कुर्सी
तीन तलाक पर रोक लगाने के लिए वोट बैंक की नहीं की परवाह
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि तीन तलाक पर रोक लगाने के लिए हमारी पार्टी ने वोट बैंक की परवाह नहीं की है। कोर्ट ने जब केन्द्र सरकार से तीन तलाक पर अपना मत स्पष्ट करने को कहा तो सरकार ने साफ कर दिया कि इस पर रोक लगानी है। तीन तलाक देने वालों पर सजा के लिए जब केन्द्र सरकार ने कानून बनाया तो कांग्रेस ने उसे पास नहीं होने दिया। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी एक पार्टी के साथ विचारधार भी है। हमारी पार्टी में ही चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन सकता है और बूथ कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है, जिसका उदाहरण मैं खुद हूं। पीएम नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के 80 प्रतिशत भूभाग पर बीजेपी का कब्जा है।
यह भी पढ़े:पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में शुरू हुआ सीएम योगी व अमित शाह का विरोध, पुलिस ने उठाया यह कदम
–
पीएम नरेन्द्र मोदी ने विश्व में बढ़ाया भारत का मान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व स्तर पर भारत का मान बहुत बढ़ गया है। विकसित देश भी पूछते हैं कि भारत के राष्ट्राध्यक्ष कैसे काम करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर है। किसानों को उनके बैंक खातों में फसल का तीन दिन में भुगतान हो रहा है। बिजली व्यवस्था सुधर गयी है। गरीबों को आवास दिया जा रहा है। यूपी में कानून व्यवस्था का प्रभाव दिखने लगा है और अपराध में कमी आयी है। यूपी में युवाओं के लिए ढेरों नौकरी आयी है। पुलिस व शिक्षक भर्ती हो रही है, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। युवा उद्घोष में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डा.महेन्द्र नाथ पांडेय, राज्यमंत्री श्रीमती अनुपमा जायसवाल, डा नीलकंठ तिवारी व अनिल राजभर, मेयर मृदुला जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर, संजय भारद्वाज, शोभनाथ विश्वकर्मा आदि बीजेपी नेता उपस्थित थे।
यह भी पढ़े:-बीजेपी युवा उद्घोष कार्यक्रम के साथ करेगी संसदीय चुनाव 2019 की तैयारियों का आगाज