
वाराणसी. सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर रविवार शाम पहुंचे वाराणसी। आजमगढ़ से हेलीकाप्टर से वह यहां आए। हेलीकाप्टर पुलिस लाइन में उतरा जहां से वह सीधे महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन स्कूल पहुंचे। बता दें कि निवेदिता स्कूल में संस्कृत भारती द्वारा राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई है। संगोष्ठी के दूसरे दिन सीएम वहां पहुंचे और उन्होंने वहां भारत की पांडित्य परंपरा व संस्कृत भाषा की उपादेयता करने वाली ” संस्कृत भारतीय ” स्मारिका का लोकार्पण। किया
बता दें कि प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान के पिता की निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सीएम उनके घर आजमगढ़ गए थे। आज़मगढ़ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। उम्मीद है कि वह पीएम नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट विश्वनाथ कॉरिडोर पर संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से 2019 चुनाव के बाबत मंत्रणा करेंगे।
अपने पुराने वाराणसी दौरों की तरह सीएम शहर में रात्रि भ्रमण के लिए निकलेंगे और विकास कार्यों का जायज़ा लेंगे। इसमें विश्वनाथ कॉरिडोर, रिंग रोड और शहर के गंदे नालों के समाधान के लिए निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रमुख हैं। बताया जा रहा है कि सीएम योगी रामनगर में बनाए जा रहे मल्टीमॉडल टर्मिनल के अलावा मैदागिन पर गंगा प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनाए गए शनि यंत्र का निरीक्षण करने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। दर्शन पूजन के बाद विश्वनाथ कॉरिडोर के चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। वह रविवार की रात सर्किट हॉउस में विश्राम करेंगे। फिर सुबह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवंबर में वाराणसी आ सकते हैं ऐसे में उससे पहले सीएम का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।