
वाराणसी. काशी के मंदिरों को बचाने के लिए तरह-तरह के आंदोलन शुरू हो गए हैं। एक तरफ जहां ज्योतिष एवं शारदापीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मंदिर बचाओ आंदोलन चला रहे हैं, धरोहर बचाओ समिति अलग मुहिम चलाए है। वहीं अब काशी के नागरिकों ने इन पौराणिक शास्त्रीय महत्व वाले मंदिरों को बचाने के लिए विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र की वीडियो फिल्म बन डाली है। फिल्म में नागरिकों, पुजारियों की बातचीत है तो जीर्ण-शीर्ण देव विग्रह व देवालय भी हैं। यही नहीं इसमें काशी की विशिष्टता का भी उल्लेख है। यह वीडियो शहर में तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पत्रिका को भी दिया गया है।
इस वीडियो में कुछ पुरोहितों और नागरिकों की बातचीत भी है जिसमें वो बता रहे हैं कि यहां केवल भवन गिराए जा रहे हैं, मंदिरों का जीर्णोद्धार तो दूर-दूर तक नहीं दिख रहा। वो कहते हैं कि यहां दुनिया भर से लोग इस पुरानी काशी को देखने आती है जब वही नहीं रहेगा तो देश-विदेश के यात्री यहां क्या करने आएंगे। यह देवताओं की राजधानी है, 34 करोड़ देवी देवता बसते हैं इस काशी में। वो देवी देवता जो 15 कलाओं से युक्त हैं। ऐसे में इन्हें तोड़ कर काशी का भला नहीं होने वाला। इसे बचाने की जरूरत है। इस फिल्म में कुछ भग्नावशेष भी दर्शाए गए हैं। वीडीयो में विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र की विशिष्टता भी बताई गई है। इसका एक मुख्य कारण लोगों को काशी के बारे में बताना है। उन्हें उनके अतीत से रू-ब-रू कराना है। इस फिल्म को तैयार करने में बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ वीएन मिश्र का भी बड़ा योगदान है।
बता दें कि स्थानीय मंदिर प्रशासन का तर्क है कि वह मंदिर का विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरकण कर रहा है। उसके लिए भवन खरीदे जा रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि मंदिरों को आस्तित्व खत्म करना उद्देश्य नहीं, योजना के मुताबिक सभी विग्रहों को स्थापित किया जाएगा। लेकिन मंदिर न्यास परिषद का कहना है कुछ और है, न्यास परिषद की बैठक में यह बताया जाता है कि पहले सभी चिह्नित भवन खरीद लिए जाएं, फिर कार्ययोजना बना कर शासन को भेजा जाए। लेकिन मंदिर प्रशासन उस पर गौर नहीं फरमाता उल्टे वह तो गत 30 मई को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जिस भवन में तोड़फोड़ पर रोक लगाई उसे भी मानने को तैयार नहीं। कोर्ट के निर्देश की गलत व्याख्या करने लगा है। ऐसे में यह फिल्म लोगों को काफी पसंद आ रही है और तेजी से वायरल हो रही है।
ये भी पढ़ें- CM की पंचक्रोशी परिक्रमा पर ग्रहण, व्यास पीठ पर मंदिर तोड़वाने वाले मुख्यमंत्री को संकल्प नहीं दिलाने का ऐलान