
वाराणसी. चुनाव लडऩा व जीतना कितना कठिन होता है। भले ही वह संसदीय चुनाव हो या फिर किसी अन्य पद के लिए लड़ा जाने वाला चुनाव। प्रत्याशियों को पानी की तरह पैसा बहाना पड़ता है और जब मतदान का दिन आता है तो जमीन पर लेट कर मतदाताओं का पैर पकड़ कर वोट भी मांगना होता है। रविवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रहे मतदान को लेकर छात्र व छात्राओं में जबरदस्त उत्साह है। मतदान के लिए सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। सुबह 11 बजे तक 20.95 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
यह भी पढ़े:-काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव 14 को, MGKVP APP से भी मिलेगी बूथ की जानकारी
विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक 8839 में से 1852 वोटरों ने मतदान कर दिया था जिसमे छात्रों की संख्या 1320 व छात्राओं की संख्या 532 है। दोपहर दो बजे मतदान खत्म होने के बाद 3.30 बजे से मतगणना आरंभ होकर चुनाव परिणाम की घोषणा की जायेगी। काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारी फोर्स तैनात की है। छात्रों को मुख्य प्रवेश द्वार एक व छात्राओं को वीसी आवास वाले मार्ग से प्रवेश दिया जा रहा है। प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य बिना परिचय पत्र जांचे किसी को परिसर में प्रवेश करने नहीं दे रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले ही सूचना जारी की है कि मतदान करने वालों को मोबाइल, पेन, पेंसिल व अन्य इलेक्ट्रानिक चीजे लेकर नहीं आनी है।
यह भी पढ़े:-इस चुनाव पर आरएसएस के साथ बीजेपी की भी लगी निगाहे, सपा को मिली जीत तो लगेगा झटका
सपा के साथ कांग्रेस व बीजेपी की प्रतिष्ठा दांव पर
कहने के लिए यह छात्रसंघ चुनाव होता है लेकिन यहां पर चुनाव जीतने के लिए सपा, कांग्रेस व बीजेपी के छात्र संगठन अपनी सारी ताकत लगा देते हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के चलते यहां की हार व जीत का अपने ढंग से प्रचार किया जाता है। लोकसभा चुनाव 2019 को देखते हुए सभी दलों को चुनाव परिणाम से जानकारी मिल जायेगी कि युवाओं में उनकी कितनी पैठ है।
यह भी पढ़े:-काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशी ने झोकी सारी ताकत, दो गुटों में झड़प