
वाराणसी. पीएम नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में गौदोलिया के पास का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सुरक्षाकर्मियों द्वारा अफरातफरी को रोकने के लिए लाठी उठाये हुए व कांवरियों के गिरते पड़ते भागते हुए दिखाया जा रहा है। वीडियो में किसी कांवरियों को लाठी से मारने की बात सामने नहीं आयी है। बताया जा रहा है कि सावन के पहले सोमवार के चलते देर रात से ही कांवरियों के साथ स्थानीय लोगों की बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर लाइन लग गयी थी। लाइन में कांवरिये धक्कामुक्की भी कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश का एक झोका आता है तो वहां पर कांवरियों के चलते अफरातरफरी की स्थिति बनने लगती है जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालने के लिए लाठी उठायी थी। बचने के लिए कांवरिया गिरते पड़ते भागने लगे। कुछ ही मिनट पर वहां की स्थिति सामान्य हो जाती है। पूरी घटना की किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया था जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इसके अतिरिक्त लाइन तोड़ कर व्यवस्था खराब करने वाले लोगों को भी डराने के लिए सुरक्षाकर्मी लाठी उठा रहे थे।