
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र, स्मार्ट सिटी, यूपी का सबसे साफ व सुदर शहर वाराणसी। वो शहर जहां प्रदेश के दो-दो मंत्री रहते हैं। उसमें एक तो शहरी इलाके में ही रहते हैं। लेकिन हाल यह कि इस शहर में लोगों को पीने का पानी मयस्सर नहीं हो रहा ठीक से। सीवरयुक्त जलापूर्ति हो रही है। लेकिन नगर निगम और जल संस्थान को इससे कोई सरोकार नहीं। उल्टे अब तो सड़कों पर पेयजल बह रहा है, कितना पानी रोजाना बर्बाद हो रहा है उसकी भी चिंता नगर निगम, जलकल विभाग के अधिकारियों को नहीं। इस शहर के जनप्रतिनिधियों को भी इसकी चिंता नहीं। लोग परेशान हैं। जलकल को शिकायत तक की जा रही है पर उसकी कान पर जूं नहीं रेंग रहा। ऐसी स्थिति में क्षेत्रीय लोगों ने तय किया है कि वो किसी पार्षद प्रत्याशी को नहीं देंगे वोट बल्कि नोटा पर दबाएंगे बटन।
बता दें कि भेलूपुर इलाके में जलकल का मुख्य कार्यालय है। यहीं सारे अधिकारी बैठते हैं, यहीं ठीक जलकल के सामने पिछले दो दिन से पेयजल सड़क और गली में बह रहा है। लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा लोग हैंडपंप और कुओं की मदद लेने को विविश हैं लेकिन इससे न जनप्रतिनिधियों को कोई सरोकार है न जलकल व नगर निगम के अफसरों को। इतना ही नहीं जब पत्रिका ने जलकल के महाप्रबंधक, सचिव और अधीक्षण अभियंता से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की तो तीनों के ही मोबाइल फोन लगातार अनरिचेबुल आते रहे।
लोगों के बीच आम चर्चा इस बात को लेकर है कि निकाय चुनाव के दौरान यह हाल है तो आम दिनों में क्या हाल होगा। यह हाल तब है जब कोई जनता की हर जरूरत पूरा करने के लिए संकल्प पत्र जारी कर रहा है तो कोई हक पूर्ति पत्र, लेकिन इन बुनियादी समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं। आलंम यह कि जब से इलाके में पेयजल का बहना शुरू हुआ है नगर निगम के पार्षद प्रत्याशियों ने भी उस तरफ जाना मुनासिब नहीं समझ रहा। लेकिन समस्या दूर कराने का प्रयास कोई नहीं कर रहा। चाहे वह कांग्रेस हो या भाजपा या सपा अथवा आम आदमी पार्टी या बहुजन समाज पार्टी।