11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील, आए दिन हो रहीं दुर्घटनाएं

आए दिन हो रहीं दुर्घटनाएं, शहर के मार्गों के साथ ही बसस्टैंड परिसर भी गड्ढों में तब्दील होने लगा है। खस्ताहाल सड़कों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इस ओर न तो अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधी और खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
3 min read
Google source verification
patrika

खराब सडक़ से वाहन चालक परेशान

विदिशा/सिरोंज. नगर की सड़कों की स्थिति बहुत ही खस्ताहाल हो गई है। शहर का ऐसा कोई मार्ग नहीं है जिसमें गड्ढे नहीं हों। शहर के मार्गों के साथ ही बसस्टैंड परिसर भी गड्ढों में तब्दील होने लगा है। खस्ताहाल सड़कों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इस ओर न तो अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधी और खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

तहसील रोड, मंडी वायपास रोड, लिंक रोड आदि मुख्य सड़कों से प्रतिदिन प्रशासन के आला अधिकारियों से लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का आना-जाना होता है। फिर भी इस समस्या के निराकरण की ओर इन जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर कई मौहल्लों में आने जाने वाली सड़कें भी उखड़ कर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। राहगीरों के साथ वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में ज्यादा मुश्किलें बढ़ गईं हैं। वहीं बारिश के साथ ही सड़कें भी जगह-जगह से उखड़तीं जा रहीं हैं।

बारिश में ज्यादा दिक्कत
बारिश के मौसम में सड़कों के इन गड्ढों में पानी भरा जाता है। जिससे सड़कों से निकलने वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता और ज्यादा गहरे गड्ढे होने की स्थिति में वाहन गड्ढों में फंसकर पलट जाते हैं। जिससे वाहन चालक चोटिल होते हैं। वहीं राहगीरों को भी कीचड़, पानी और गड्ढों से सनी सड़कों पर चलने में खासी परेशानी होती है।

रात को हो रहे ज्यादा हादसे
दिन में तो इन खस्ताहाल सड़कों पर हादसे हो ही रहे हैं, लेकिन रात के समय परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है। अंधेरे में सड़कों के गड्ढे नजर नहीं आते और वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं। यही स्थिति राहगीरों के साथ बनती है। वहीं सड़क हादसे भी ज्यादा होते हैं।

शिकायत पर भी निराकरण नहीं
इन खस्ताहाल सड़कों को दुरुस्त करवाने के लिए शहरा के प्रबुद्ध नागरिक कई बार प्रशासन को ज्ञापन देकर और अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के निराकरण के लिए कह चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने के कारण बारिश में नगरवासियों को इन खस्ताहाल सड़कों की वजह से ज्यादा परेशानियां उठानी पड़ रहीं हैं।

नपा द्वारा किया डामरीकरण भी लगा उखडऩे
मालूम हो कि सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए बारिश की शुरुआत में नगरपालिका द्वारा डामरीकरण किया गया था, लेकिन बारिश का पानी लगते ही यह डामर उखडऩे लगा है।

एक-दूसरे पर टालते दे हैं जिम्मेदारी
नगर की सड़कें नगरपालिका, एमपीआरडीसी और पीडब्ल्यूडी के द्वारा बनवाई गई हैं। इस कारण तीनो विभागो के अधिकारी इन खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत करने की बजाए अपनी-अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए एक-दूसरे की सड़क बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का काम कर रहे हैं। इस कारण शहर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत नहीं हो पा रही है।

मनमर्जी से सड़कों की करते हंै खुदाई
विगत दिनों निजी टेलीकॉम कम्पनी ने अपने फायदे के लिए शहर की सड़कों को मनमर्जी से खोद दिया था। वहीं नल कनेक्शन के लिए नागरिक अपने हिसाब से कहीं से भी सड़कों को खोदकर पाइप लाइन डाल देते हैं। इस कारण भी सड़कों पर गड्ढे हो जाते हैं। जबकि नियमानुसार नगर पालिका से अनुमति लेकर पाइप लाइन डालने के लिऐ सड़क खोदी जाती है। जिसके लिए कुछ राशि भी जमा करना होती है। लेकिन यहां मनमर्जी से सड़कों की चाहे जहां खुदाई भी एक समस्या बनी हुई है।

-इनका कहना है...
नगर की मुख्य सड़कें गडढों में तब्दील हो चुकी हैं। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देकर उनकी मरम्मत करानी चाहिए। जिससे आमजन को परेशानियों से निजात मिल सके। - शाहिद खां, नगरवासी

-जो सड़कें हमारी हैं हम उनकी मरम्मत करवाएंगे। बसस्टैंड पर पानी के कारण सड़क उखड़ रही है, जिसकी मरम्मत हम पहले भी करा चुके हैं अब दोबारा से करवाएंगें।- प्रताप सिंह खेंगर, सीएमओ, सिरोंज

-तीनों विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस समस्या का निराकरण करवाकर सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी। - बृजबिहारी श्रीवास्तव, एसडीएम, सिरोंज