14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गांवों में बढ़ रहा कुपोषण, एक ही दिन में पांच बच्चे भर्ती

बेरखेड़ी जेतू के तीन बच्चे भी हैं शामिल,कुपोषण पर नहीं लग पा रही लगाम
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

विदिशा

•

image

Deepesh Tiwari

•

Updated: 1 Feb 2018, 10:10 AM IST

hospital

विदिशा। जिले में कुपोषण रुक नहीं रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र में कुपोषित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में एक ही दिन में पांच कुपोषित बच्चे भर्ती हुए हैं। इनमें एक ही गांव के तीन बच्चे शामिल हैं। एनआरसी से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बेरखेड़ी जेतू निवासी रेखा कुशवाह की बेटी रिया, फेमिदा की बेटी फौजिया एवं अमरीन की बेटी मेमा को 108-एंबूलेंस से एनआरसी लाकर भर्ती किया गया है। इन महिलाओं ने बताया कि गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ने बच्चियों को देखा और यहां भेजा है।

ग्राम लवाखेड़ी एवं खताखेड़ी के बच्चे भी यहां भर्ती हुए हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में कुपोषित बच्चों की सेहत सुधारने तहसील स्तर पर एनआरसी का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन कई एनआरसी स्टॉफ की कमी के कारण बंद है। नटेरन, त्योंदा एवं लटेरी स्थित एनआरसी बंद है। इन क्षेत्रों के बच्चों को विदिशा, बासौदा, ग्यारसपुर, कुरवाई, सिरोंज जाना पड़ रहा है। इसमें मजदूर तबके के परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

हाइट के मान से कम है बच्चों का वजन
एनआरसी कर्मचारियों के मुताबिक हाइट के मान से बच्चों का वजन कम होने से वे यहां भर्ती हुए हैं। इन बच्चों का वजन 500 ग्राम से डेढ़ किलो तक कम है। भर्ती वजन से इनका 15 प्रतिशत वजन बढ़ाना होता है। तब तक बच्चों को भर्ती रखकर उन्हें उचित पोषण आहार दिया जाता है।

15 दिन में बढ़ गई बच्चों की संख्या
एनआरसी में 15 जनवरी तक 9 बच्चे भर्ती हुए थे। अब इनकी संख्या बढक़र 23 तक पहुंच गई। इनमें ज्यादातर बच्चे गांवों के हैं। पिछले दिनों कलेक्टर अनिल सुचारी ने भी एनआरसी का निरीक्षण किया था। तब सिर्फ पांच बच्चे भर्ती पाए थे। अन्य भर्ती बच्चों को उनके परिजन पर्व के कारण गांव ले गए थे।

गांव में भेजेंगे टीम
जिस गांव में तीन कुपोषित बच्चे मिले हैं, उस गांव का टीम से सर्वे कराया जाएगा। वहां समुचित कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा स्टॉफ की कमी से जिले के कुछ शासकीय अस्पतालों में एनआरसी बंद हैं। इन्हें चालू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- डॉ. बीएल आर्य, सीएमएचओ