
विदिशा. विदिशा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामला शहर के सुभाषनगर क्षेत्र का है जहां एक युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस घटना में युवती बुरी तरह झुलस गई और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना के मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवती और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और सुभाषनगर में भी दोनों के घर आसपास ही हैं।
पेट्रोल डालकर युवती को लगाई आग
सिविल लाइन टीआइ योगेंद्र सिंह दांगी के मुताबिक घटना सुभाषनगर क्षेत्र की है। मुख्य आरोपी अमित राय ( 22 वर्ष ) और पीड़िता युवती रानी ( परिवर्तित नाम) गुलाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के ही रहने वाले हैं। विदिशा में भी दोनों के घर सुभाषनगर में है। आरोपी अमित नशा करता है और उसके खिलाफ पहले से कई आरोप हैं। वह 28 मई को रानी के घर के बाहर खड़ा था, इस पर रानी की मां ने उससे पूछा था कि यहां कैसे खड़े हो, इसके बाद वहां से वह चला गया था। इसके बाद सोमवार की शाम वह फिर आया और रानी की मां से कहने लगा उस दिन मेरे से गलती हो गई थी, माफ कर दो। इस पर रानी की मां ने उसे तवज्जो न देकर कहा था, कि हमें तुमसे कोई मतलब नहीं है, माफी की भी जरूरत नहीं है।
साथियों के साथ लौटकर आया और दिया वारदात को अंजाम
रानी (परिवर्तित नाम) की मां से बात करने के बाद आरोपी अमित वहां से चला गया और थोड़ी देर बाद हाथ में पेट्रोल की बॉटल लेकर गौतम अहिरवार, नितिन अहिरवार और रितिक अहिरवार के साथ फिर रानी के घर आया और दरवाजे पर खड़ी रानी पर पेट्रोल फेंककर उसमें आग लगा दी। दीवार पर भी पेट्रोल फेंका, इसके बाद छुरे से गेट पर हमला किया। घटना में रानी के सूट सहित उसकी पीठ बुरी तरह झुलस गई। पीड़िता के परिजनों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई और फिर पीड़िता को अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। उधर खबर लगते ही पुलिस ने अमित राय सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
29 Jun 2022 06:59 pm
