
उज्जैन. उज्जैन में एक 20 साल की छात्रा के साथ झूठ बोलकर दोस्ती और फिर रेप का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर 7 महीने तक रेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इतना ही नहीं जब छात्रा के परिजन ने छात्रा का मोबाइल छीन लिया तो आरोपी उनके घर जा पहुंचा और लड़की को एसिड अटैक की धमकी दी। आरोपी का नाम शाकिब है जो फिलहाल फरार है। मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
लड़की के नाम से बनाई आईडी
सेठीनगर इलाके में रहने वाली 20 वर्षीय वंशिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि करीब एक साल पहले उसे एक लड़की की इंस्टाग्राम आईडी से फॉलो रिकवेस्ट भेजी थी उसने रिकवेस्ट एक्सेप्ट कर ली जिसके बाद दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। करीब दो महीने तक बातचीत होने के बाद उसने बताया कि वो लड़की नहीं बल्कि हिन्दू लड़का है। इस बात को कुछ दिन ही हुए थे कि एक दिन उसने खुद को मुसलमान बताते हुए अपना नाम शाकिब बताया। पीड़िता वंशिका ने बताया कि दोस्ती होने के बाद शाकिब ने उसे मिलने के लिए बुलाया था और वहां से आगर रोड नाका पर अपने दोस्त के मकान पर ले गया।
रेप का वीडियो बनाकर 7 महीने तक किया रेप
वंशिका (बदला हुआ नाम) ने बताया कि दोस्त के कमरे पर ले जाकर आरोपी शाकिब ने उसके साथ रेप किया। घटना के बाद जब वो घर लौटकर आई तो शाकिब ने फोन किया और कहा कि उसने रेप का वीडियो बना लिया है और अगर उसने मिलना बंद किया तो वो वीडियो वायरल कर देगा। इस तरह से धमकी देकर आरोपी बीते करीब 7 महीने से वंशिका को जबरदस्ती मिलने बुलाकर अपनी हवस का शिकार बना रहा था। वंशिका ने बताया कि बीते दिनों जब परिजन ने उसका मोबाइल छीन लिया जिससे बौखलाया शाकिब एक दिन घर पहुंचा और एसिड अटैक की धमकी दी। जिसके बाद उसने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
Published on:
29 Jun 2022, 5:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.