
भोपाल. मां को बर्थ-डे पर सरप्राइज देने का कहने के बाद एक 10वीं क्लास की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना शहर के सनखेड़ी कोलार इलाके की है। छात्रा की मां डेंटल कॉलेज में डेंटिस्ट हैं और घटना के वक्त कॉलेज में थीं। घटना से कुछ देर पहले ही मां ने बेटी को फोन पर बात की थी तब बेटी ने मां को बर्थ-डे पर सरप्राइज देने की बात कही थी और फिर बार-बार करने पर भी फोन अटेंड नहीं किया तो मां घर पहुंची जहां बेटी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। छात्रा के माता-पिता अलग हो चुके हैं और भोपाल में ही अलग-अलग रहते हैं।
मां के बर्थ-डे पर बेटी ने की खुदकुशी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सनखेड़ी कोलार इलाके में रहने वाली 14 वर्षीय हिया वर्मा ने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हिया की मां चित्रा वर्मा एक डेंटल कॉलेज में डेंटिस्ट हैं, जिनका मंगलवार को बर्थ-डे था। मां चित्रा ने बताया कि बर्थ-डे पर बेटी ने विश नहीं किया था जिसके कारण उन्होंने कॉलेज से बेटी को फोन किया था तब बेटी ने कहा था कि वो उन्हें बर्थ-डे पर सरप्राइज देने वाली है। कुछ देर बाद जब फिर बेटी हिया को मां ने फोन किया तो बेटी ने फोन नहीं उठाया जिसेस मां को अनहोनी की आशंका हुई और वो घर पहुंची तो बेटी फांसी के फंदे पर झूली हुई थी। तुरंत मां बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नहीं मिला सुसाइड नोट, मोबाइल जब्त
घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। बुधवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव मां को सौंप दिया है। पुलिस ने हिया का मोबाइल भी जब्त किया है जिसकी जांच की जाएगी।
Updated on:
29 Jun 2022, 6:27 PM IST
Published on:
29 Jun 2022, 6:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.