
नई दिल्ली।
तुर्की के पूर्वी राज्य इग्दिर में खुदाई के दौरान अजीबो-गरीब जीव का कंकाल मिला है। वैज्ञानिक भी नहीं समझ पा रहे कि यह किस प्रजाति का जीव रहा होगा।
वहीं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रमिकों ने देखा कि कंकाल से जुड़े कुछ टिशू अब भी खराब नहीं हुए हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी खोज की सूचना इग्दिर विश्वविद्यालय के बायोडायवर्सिटी एप्लीकेशन और रिसर्च सेंटर को दी।
जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी के लोग वहां पहुंचे और जानवर के शरीर को अपने कब्जे में कर लिया। वे इस जीव के कंकाल को यूनिवर्सिटी लेकर चले गए। उन्होंने इस अज्ञात जीव के कंकाल की प्रजातियों का निर्धारण करने के लिए रिसर्च भी शुरू कर दिया है।
इग्दिर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बेलकिस मूसा यिगित ने अनादोलु एजेंसी से कहा कि वे परीक्षण के बाद जानवर की प्रजातियों का पता लगाने की कोशिश करेंगे। तब तक यह सुनिश्चित करेंगे कि यह कंकाल एक संग्रहालय में संरक्षित रहे। इस खुदाई के ऑपरेटिंग ऑफिसर युसूफ कोतेय ने कहा कि श्रमिकों को जानवरों का कंकाल तब मिला जब वे एक ऐसे इलाके में काम कर रहे थे जिसका उपयोग पिछले 30-40 वर्षों से नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस कंकाल के आकार ने श्रमिकों को आकर्षित किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति की सूचना दी। इसके बाद से अधिकारियों ने विश्वविद्यालय से संपर्क किया। उन्होंने यह भी बताया कि हमने देखा कि इसकी रीढ़ की हड्डी से जुड़ा पिछला अंग काफी लंबा है। हमने अधिकारियों को बताया कि यह एक दिलचस्प प्रजाति हो सकती है क्योंकि इसके पैरों में खुर नहीं बल्कि पंजे हैं और इसके तेज दांत भी हैं।
तुर्की की सोशल मीडिया पर कंकाल को देखकर लोग इसको डायनासोर से संबंधित बता रहे हैं। उनका दावा है कि यह जीव डायनासोर का नजदीकी रिश्तेदार हो सकता है। हालांकि, तुर्की के वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने अभी तक इस दावे पर कोई बयान नहीं दिया है। तस्वीर में इस जानवर की खोपड़ी और पंजे किसी डायनासोर की तरह नजर आ रहे हैं। हालांकि, कंकाल को डायनासोर के समय का नहीं बताया जा रहा है।
Published on:
13 Nov 2021, 10:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.