9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bangladesh Minority Attack: दो हिंदुओं की अलग-अलग घटनाओं में हत्या, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

Bangladesh Minority Attack: बांग्लादेश में अलग-अलग घटनाओं में दो हिंदुओं की हत्या से अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर फिर चिंता बढ़ी है। नाओगांव में हिंदू सुनार और कॉक्स बाजार में एक महिला की जान गई।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Harshul Mehra

Sep 09, 2026

bangladesh minority attack two hindus killed naogaon coxs bazar

दो हिंदुओं की अलग-अलग घटनाओं में हत्या। फोटो सोर्स-IANS

Bangladesh Minority Attack: बांग्लादेशमें अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों के बीच दो हिंदुओं की अलग-अलग घटनाओं में हत्या का मामला सामने आया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इन घटनाओं के बाद देश में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से चिंता जताई जा रही है।

दोनों घटनाएं सोमवार को हुईं। पहली घटना नाओगांव जिले के महादेवपुर उपजिला की है, जहां 45 वर्षीय हिंदू सुनार अलीफ चंद्र दत्ता पर घर लौटते समय धारदार हथियार से हमला किया गया। दूसरी घटना कॉक्स बाजार जिले के महेशखली उपजिला की है, जहां 45 वर्षीय हिंदू महिला रानी सुशील की घर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

दुकान से घर लौट रहे हिंदू सुनार पर हमला

नाओगांव जिले के महादेवपुर उपजिला में 45 वर्षीय अलीफ चंद्र दत्ता अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। बांग्लादेशी अखबार Daily Sun के मुताबिक, वह सोमवार रात करीब 8:30 बजे महादेवपुर बाजार स्थित अपनी दुकान से निकले थे। रात करीब 9 बजे जब वह दुलालपाड़ा में अपने घर के पास पहुंचे, तभी कुछ हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

सोना और नकदी लूटने का भी आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने अलीफ चंद्र दत्ता से करीब छह ‘भोरी’ सोना और 7 लाख बांग्लादेशी टका नकद लूट लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल दत्ता को परिवार और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। उन्हें राजशाही मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस बोली- सिर्फ लूट थी या कोई और वजह, जांच जारी

महादेवपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी उमर फारुक ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना केवल लूट के इरादे से की गई थी या इसके पीछे किसी तरह की दुश्मनी या कोई अन्य मकसद भी था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

घर में खाना बना रही महिला पर चाकू से हमला

दूसरी घटना कॉक्स बाजार जिले के महेशखली उपजिला की है। यहां 45 वर्षीय हिंदू महिला रानी सुशील की उनके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे होआनोक यूनियन में हुई। Prothom Alo की रिपोर्ट के मुताबिक, रानी उस समय घर में खाना बना रही थीं।

चोर-चोर चिल्लाने पर महिला पर किया हमला

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति चोरी के इरादे से घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। रानी ने उसे देख लिया और शोर मचाते हुए चोर-चोर चिल्लाने लगीं।

आरोप है कि इसके बाद हमलावर ने उनका मुंह पकड़ा और उन पर कई बार चाकू से वार कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घायल रानी को स्थानीय लोगों ने चकरिया उपजिला स्वास्थ्य परिसर पहुंचाया, जहां कुछ घंटे बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए शुरू की कोशिश

महेशखली पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी अब्दुस सुल्तान ने Prothom Alo से बातचीत में बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति चोरी के इरादे से महिला के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। महिला के शोर मचाने के बाद आरोपी ने उस पर हमला किया और फरार हो गया। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

रंगपुर में हिंदू परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद नई घटनाएं

दो हिंदुओं की हत्या की ये घटनाएं बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक गणपति चक्रवर्ती और उनके परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के कुछ दिन बाद सामने आई हैं। रंगपुर मामले में गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चारों की मौत गला घोंटने से हुई थी। इस मामले की जांच बाद में डिटेक्टिव ब्रांच को सौंप दी गई थी।