16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बेल्जियम में सीवर की खुदाई के दौरान निकला खजाना! 18 साल के मजदूर को मिले 98 करोड़ रुपए के सोने के बिस्कुट और सिक्के

बेल्जियम में सीवर लाइन की खुदाई के दौरान 18 वर्षीय मजदूर को करीब 98 करोड़ रुपए मूल्य के सोने के बिस्कुट और दुर्लभ सिक्के मिले। जांच में पता चला कि यह खजाना 19वीं सदी की एक पुरानी विला के तहखाने की दीवार में छिपाया गया था।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Aug 16, 2026

Belgium Gold Treasure

बेल्जियम में निकला खजाना! (Photo-Lokale Politie Dendermonde/Facebook)

ब्रसेल्स। बेल्जियम में सीवर लाइन की मरम्मत के लिए चल रही खुदाई के दौरान मजदूरों को ऐसा खजाना मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी ब्रसेल्स से करीब 30 किलोमीटर दूर सेंट-गिलिस-डेंडरमोंडे इलाके में सीवर पाइप बदलने के लिए खुदाई के दौरान करीब 10 मिलियन यूरो (लगभग 98 करोड़ रुपए) मूल्य के सोने के बिस्कुट और दुर्लभ सिक्के मिले हैं।

यह खजाना 18 वर्षीय समर वर्कर कोबे को मंगलवार को मिला। बेल्जियम के स्थानीय न्यूज नेटवर्क 'वीटीएम' से बातचीत में कोबे ने बताया कि वे रोज की तरह खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मिट्टी में कुछ चमकता हुआ दिखाई दिया। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई साधारण 1 यूरो का सिक्का है, लेकिन करीब से देखने पर पता चला कि वह सोने की ईंट थी। इसके बाद आगे खुदाई करने पर बड़ी मात्रा में सोने के सिक्के और अन्य कीमती वस्तुएं मिलने लगीं।

पुरानी विला के तहखाने में छिपा था खजाना

रिपोर्ट के अनुसार, खजाने में सोने के सिक्के, सोने के टुकड़े और नंबर वाली सोने की ईंटें शामिल हैं। इन्हें एक बैग में रखकर 19वीं सदी के आखिर में ब्रुअरी मालिक थियोफिलस वैन एशे के लिए बनवाई गई एक आलीशान विला के नीचे ईंटों से बने तहखाने की दीवार में छिपाया गया था। कोबे ने बताया कि मंगलवार सुबह खुदाई के दौरान इतनी बड़ी चीज मिलने की उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्हें ऐसा लगा कि खजाने को जानबूझकर छिपाया गया था।

इस स्थान पर शराब बनाने का कारोबार 1899 में शुरू हुआ था, जो 1970 में बंद हो गया। यह एक सूचीबद्ध ऐतिहासिक संपत्ति है और इसके लोहे के गेट पर अब भी 'VA' अक्षर नजर आते हैं। फिलहाल सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन CAW Oost-Vlaanderen इस इमारत का नए कार्यालय और आवासीय परिसर के रूप में इस्तेमाल करने के लिए रेनोवेशन करा रहा है।

पुलिस ने खजाना सुरक्षित तिजोरी में रखवाया

खजाना मिलने की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। सुरक्षा कारणों से बरामद सोने और सिक्कों को ब्रसेल्स की एक उच्च सुरक्षा वाली तिजोरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

ईस्ट फ्लैंडर्स अभियोजक कार्यालय की हन्ना ओलेवियर के मुताबिक, पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि कहीं यह खजाना किसी चोरी या अन्य आपराधिक गतिविधि से तो जुड़ा नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले में संपत्ति को लेकर जटिल नागरिक विवाद भी सामने आ सकता है।

किसे मिलेगा करोड़ों का खजाना?

संभावित दावेदारों में बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर, संबंधित वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन और वैन एशे परिवार के वंशज शामिल हो सकते हैं। बेल्जियम के कानून के तहत किसी खजाने के असली मालिक की पहचान होने या उसके सामने आने तक कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी होती है।

खजाना मिलने वाले 18 वर्षीय कोबे ने बताया कि उन्हें पता था कि इतनी बड़ी खोज मिलने के बाद इसे प्रशासन को सौंपना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस खोज के लिए उन्हें भविष्य में कोई इनाम मिल सकता है। पुलिस और प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद ही यह तय होगा कि इस खजाने पर किसका अधिकार है और इसे लेकर आगे क्या कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।