16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रोमानिया के एयरस्पेस में घुसा अनजान ड्रोन, नाटो मिशन पर तैनात स्पेनिश F-18 ने किया ढेर

Spanish F-18 Fighter Jet: रोमानिया के एयरस्पेस में ड्रोन घुसपैठ के बाद स्पेनिश F-18 ने कार्रवाई की। इस साल देश में मार गिराया गया यह चौथा ड्रोन है।
2 min read
Google source verification
Spanish F-18 fighter jet shoots down drone over Romania

रोमानिया में घुसे ड्रोन को नाटो मिशन पर तैनात स्पेन के F-18 लड़ाकू विमान ने मार गिराया (Photo Credit- X/@MariusLazurca)

Drone Breaches Romanian Airspace: रोमानिया के हवाई क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को नाटो के मिशन पर तैनात स्पेन के F-18 लड़ाकू विमान ने मार गिराया। यह घटना रविवार सुबह हुई। रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार, इस साल देश के हवाई क्षेत्र में घुसने वाले यह चौथा ड्रोन है, जिसे मार गिराया गया है। रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश के रडार ने ड्रोन की गतिविधि का पता लगाया था। ड्रोन पड़ोसी देश मोल्दोवा की दिशा से रोमानिया के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ था। यह घटना दक्षिण-पूर्वी रोमानिया के गालाती शहर के पास हुई। ड्रोन गालाती से करीब 24 किलोमीटर उत्तर में रोमानियाई सीमा में आया था।

इसके बाद नाटो के एयर पुलिसिंग मिशन पर तैनात स्पेन के F-18 लड़ाकू विमान को कार्रवाई के लिए भेजा गया। पायलट ने ड्रोन से रडार संपर्क स्थापित किया। इसके बाद उसे ड्रोन को निशाना बनाने की अनुमति मिली। रोमानियाई रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, F-18 ने सुबह 5:01 बजे ड्रोन को मार गिराया।

निर्जन इलाके में गिरे ड्रोन के टुकड़े

रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन को गिराने के बाद उसके टुकड़े दो गांवों के बीच एक निर्जन इलाके में गिरे। इस वजह से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। रोमानिया ने अभी यह साफ नहीं किया है कि ड्रोन किस देश का था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान रूसी ड्रोन कई बार रोमानिया के हवाई क्षेत्र के करीब या उसमें दाखिल हुए हैं।

यूक्रेन से लगी है लंबी सीमा

रोमानिया नाटो का सदस्य देश है। उसकी यूक्रेन के साथ करीब 614 किलोमीटर लंबी सीमा है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से रोमानिया कई बार ड्रोन से जुड़ी घटनाओं का सामना कर चुका है। काला सागर में भी सुरक्षा को लेकर रोमानिया की चिंता बढ़ी है। यहां व्यापार और ऊर्जा से जुड़े महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग हैं।

जुलाई में भी गिराए गए थे तीन ड्रोन

इससे पहले जुलाई में रोमानिया ने तीन रूसी ड्रोन को मार गिराया था। ये ड्रोन रोमानिया के राष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे। इसके लिए रोमानियाई F-16 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया था। रूस के यूक्रेन पर हमले के चार साल से ज्यादा समय में यह पहली बार था, जब रोमानिया ने अपने हवाई क्षेत्र में घुसे रूसी ड्रोन को मार गिराया था।

इस साल की शुरुआत में भी गालाती शहर में एक रूसी ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वह यूक्रेन पर रात में हुए हमले के दौरान रोमानिया की सीमा में पहुंच गया था। ड्रोन एक अपार्टमेंट की इमारत से टकराया था। इस घटना में दो लोग घायल हुए थे।