
इंडोनेशिया में 6.7 तीव्रता का आया भूकंप (File Photo)
Cuba Earthquake: क्यूबा के तट के पास 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसके झटके फ्लोरिडा और मेक्सिको के कुछ हिस्सों तक महसूस किए गए। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। भूकंप इतना तेज था कि करीब 20 सेकंड तक धरती हिलती रही। लोग घरों से बाहर आ गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र क्यूबा के मंटुआ शहर से लगभग 100 किलोमीटर (62 मील) दूर स्थित था। यह क्षेत्र राजधानी हवाना से सड़क मार्ग द्वारा करीब दो से चार घंटे की दूरी पर है। भूकंप की गहराई लगभग 26 किलोमीटर (16 मील) दर्ज की गई।
क्यूबा के अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके देश के पूरे पश्चिमी हिस्से में महसूस किए गए और इसका असर अमेरिका के फ्लोरिडा तक देखा गया। अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि पिछले 30 मिनट के दौरान दक्षिण-पश्चिम फ्लोरिडा से धरती हिलने की कई रिपोर्टें मिली हैं। दक्षिणी खाड़ी क्षेत्र में क्यूबा के पश्चिम में भूकंप आया है।
यूएसजीएस के भूकंप वैज्ञानिक पॉल अर्ल के अनुसार, कैरेबियाई क्षेत्र के इस हिस्से में इस तरह का भूकंप असामान्य माना जाता है, क्योंकि यह दो टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर नहीं बल्कि एक प्लेट के भीतर आया है, जहां भूकंप अपेक्षाकृत कम और बिखरे हुए होते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1880 के बाद 322 किलोमीटर (200 मील) के दायरे में आया यह सबसे शक्तिशाली भूकंप है।
हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे क्यूबा में जर्जर इमारतों के कारण लोगों में डर और चिंता का माहौल है।
अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, इस भूकंप के बाद किसी भी प्रकार की सुनामी चेतावनी या निगरानी जारी नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 20 सेकंड तक धरती कांपती रही, जिससे लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। 47 वर्षीय अर्थशास्त्री कारमेल डेलगाडो ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शुरुआत में मुझे लगा कि मुझे चक्कर आ रहे हैं। मैंने कभी भूकंप का अनुभव नहीं किया था, इसलिए समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है। लेकिन जैसे ही एहसास हुआ कि यह भूकंप है, हम तुरंत बाहर निकल गए।
Updated on:
09 Jun 2026 06:51 am
Published on:
09 Jun 2026 06:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
