
Qatar NRI Mukesh Rav
Dholi Meena : अगर कोई शख्स विदेश में रह कर समाजसेवा करना चाहे तो कोई काम मुश्किल नहीं है। यूरोप के माल्टा में रह रहीं मशहूर प्रवासी भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएन्सर धोली मीणा ( Dholi Meena) ने यूरोप में रहते हुए यूएई के कतर देश में एक मजदूर की मौत होने पर उसकी पार्थिव देह भारत पहुंचाने का इंतजाम किया है। उनकी कोशिशों से यह शव गुरुवार को भारत पहुंचेगा।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएन्सर धोली मीणा ने सीधे यूरोप से बताया कि आजीविका के लिए खाड़ी देश में रह रहे राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के युवक मुकेश राव ( Mukesh Eav) की मौत हो गई थी। सवाई माधोपुर के जड़ावता गाँव निवासी मुकेश राव का हाल ही में कतर के दोहा में निधन हुआ था। वह दोहा कतर में Ramaco Trading & Construction में मजदूर था। उसके परिवार में पत्नी सहित एक पुत्र व एक पुत्री है।
उन्होंने बताया कि जड़ावता गांव के सरपंच मोतीलाल मीना के निवेदन पर धोली मीणा ने दोहा कतर में स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर सवाई माधोपुर के मुकेश राव का शव भारत राजस्थान पहुंचाने के लिए संवाद व संपर्क किया। धोली मीणा ने बताया कि मुकेश राव का शव 24 जुलाई को दोपहर दो बजे कतर से जयपुर वाली फ्लाइट से पहुंचेगा। सभी ग्रामीणों ने धोली मीणा का आभार जताया। उधर जिसने भी इस बारे में सुना सभी ने धोली मीणा के कार्य की सराहना की है।
गौरतलब है कि धोली मीणा जयपुर ज़िले की बेटी व दौसा ज़िले की बहू हैं जो कि यूरोप में रहकर भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में धोली मीणा ने घाघरा लुगड़ी पहन कर मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेकर राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी थी। इससे पहले भी इस साल फ़रवरी 2024 में यूरोप के सबसे ऊँचे ज्वालामुखी माउंट एटना, जो कि इटली देश में स्थित है उस पर तिरंगा लहराया था।
Updated on:
23 Jul 2024, 5:02 PM IST
Published on:
23 Jul 2024, 5:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.