
इज़रायल काट्ज़ (Photo - ANI)
इज़रायल (Israel) और फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास (Hamas) के बीच चल रहे युद्ध को 3 साल पूरे होने वाले हैं। 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इस युद्ध की शुरुआत की थी और इज़रायल ने इसे आगे बढ़ाते हुए गाज़ा (Gaza) और आसपास के फिलिस्तीनी इलाकों में तबाही मचा दी। युद्ध में कुछ समय के लिए सीज़फायर भी रहा, लेकिन यह स्थायी नहीं रहा और गाज़ा में इज़रायली सेना की तबाही का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। कल यानी 7 अक्टूबर 2026 को इस युद्ध को 3 साल पूरे हो जाएंगे। हमास के हमले की बरसी से पहले इज़रायली रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ (Israel Katz) ने बड़ी बात कह दी है।
हमास के हमले की बरसी से पहले इज़रायली रक्षा मंत्री काट्ज़ ने देश की सेना को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है। ऐसा इसलिए किया गया है जिससे अगर हमास आतंकियों ने कुछ बड़ा करने की कोशिश की, तो उससे निपटने के लिए सेना पूरी तरह से तैयार रहे।
हमास के हमले की बरसी से पहले इज़रायली रक्षा मंत्री काट्ज़ ने गाज़ा में फ़िलिस्तीनियों को चेतावनी दी है। काट्ज़ ने कहा कि अगर इज़रायली सेना को कोई नुकसान पहुंचाया गया, तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
गाज़ा पर इज़रायली हमले जारी हैं और फिलहाल इनके रुकने की कोई संभावना नहीं है। इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) कई मौकों पर कह चुके हैं कि गाज़ा में उनकी सेना की कार्रवाई जारी रहेगी और जब तक हमास का खात्मा न हो जाए, या वो सरेंडर न कर दे, तब तक इज़रायली सेना गाज़ा से नहीं हटेगी। हमास ने इज़रायल पर 7 अक्टूबर 2023 को घातक आतंकी हमला किया था, जिसके बाद इज़रायल ने हमास के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। नेतन्याहू का मानना है जब तक हमास सरेंडर न कर दे या हमास का निरस्त्रीयकरण न हो जाए, तब तक इज़रायल के लिए खतरा खत्म नहीं होगा। हमास के पास कई रॉकेट्स, भूमिगत सुरंगें (टनल नेटवर्क), हथियार भंडार और प्रशिक्षित आतंकी हैं, जिन्हें इज़रायल पूरी तरह खत्म करना चाहता है। अभी तक की सैन्य कार्रवाई में इज़रायल ने हमास की सैन्य क्षमता को काफी हद तक खत्म कर दिया है, लेकिन इसका पूरी तरह अंत नहीं हुआ है और इसी के अंत के लिए इज़रायली सेना के हमले जारी हैं।
Updated on:
06 Oct 2026 03:34 pm
Published on:
06 Oct 2026 03:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
