रायटर के इस सर्वे के अनुसार 56 प्रतिशत मतदाता यह मानते हैं कि 59 वर्षीय हैरिस मानसिक रूप से तेज और चुनौतियों से निपटने में सक्षम हैं, जबकि 78 वर्षीय ट्रंप के बारे में 49 प्रतिशत मतदाताओं की ही यह राय है। वहीं, केवल 22 प्रतिशत मतदाता ही बाइडन के बारे में ऐसा सोचते हैं। गौरतलब है कि ट्रंप लगातार 81 वर्षीय जो बाइडन की उम्र और उनकी क्षमताओं को लेकर उन पर हमलावर थे। अब यही बात अब कमला हैरिस के पक्ष में जाती दिख रही है और उम्र को लेकर दबाव अब ट्रंप के ऊपर होगा। सर्वेक्षण बताता है कि युवाओं का झुकाव कमला हैरिस की ओर ज्यादा है। हैरानी नहीं कि कमला अपना चुनावी अभियान अमरीका के युवाओँ के भविष्य और स्वतंत्रता की रक्षा से जोड़कर बढ़ा रही हैं।