
बाढ़ पीड़ित महिला के शव से सोने की बाली चुराई (Photo-X-Nepal police)
Nepal Flood News: काठमांडू। नेपाल में बाढ़ और सैलाब से मची तबाही के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। भोटेकोशी नदी के किनारे बाढ़ में बहकर आए एक शव से सोने की बाली चुराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नेपाल पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आरोपियों के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक नदी किनारे पड़े बाढ़ पीड़िता के शव के कान से सोने की बाली निकालता नजर आ रहा है। इस दौरान दूसरा युवक भी उसकी मदद करता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मदन गुरुंग के रूप में हुई है। वह नवलपरासी जिले के किल्ला का रहने वाला है और फिलहाल भरतपुर महानगरपालिका-1 में अपने मामा के घर रह रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में हुई है, जो सुनसरी का निवासी है। पुलिस ने दोनों को भरतपुर स्थित पोखरा बस पार्क के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
इधर, त्रिशूली नदी में आई बाढ़ के दौरान पानी के तेज बहाव में बहकर आई एक अलमारी भी मिली है। अलमारी की तलाशी लेने पर उसमें सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई। इसके अलावा अलमारी से 'जय श्री महालक्ष्मी गोल्ड एंड सिल्वर शॉप' का एक बिल भी मिला है।
बरामद सामान के वास्तविक मालिक तक पहुंचने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की गई है। इस संबंध में निर्मल प्रसाई के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट कर यह जानकारी साझा की गई है।
Updated on:
28 Aug 2026 08:50 am
Published on:
28 Aug 2026 08:50 am
