1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Viral Green House : ‘भगवान ने दूसरी जिंदगी दी’… नेपाल बाढ़ में वायरल ‘हरे मकान’ में फंसे परिवार ने सुनाई दास्तां

Nepal Floods Viral Green House : नेपाल की भीषण बाढ़ के दौरान नुवाकोट में वायरल हुए हरे घर में छह लोग फंस गए थे। चारों ओर पानी का तेज बहाव और आसपास के मकानों के ढहने के बीच पड़ोसियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। परिवार ने इस बचाव को 'दूसरी जिंदगी' मिलने जैसा बताया।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Sep 01, 2026

Nepal Floods Viral Green House

Nepal Floods Viral Green House : (Photo ANI)

Nepal Floods Viral Green House : काठमांडू। सोशल मीडिया पर नेपाल की भीषण बाढ़ के बीच एक हरे रंग का घर पानी के तेज बहाव के सामने मजबूती से खड़ा नजर आया था। घर के आसपास बनी इमारतें बाढ़ के पानी में बहती और ढहती दिखाई दे रही थीं, जबकि यह घर तेज धार के बीच भी टिका रहा। दुनिया के लिए यह वीडियो महज एक हैरान कर देने वाला नजारा था, लेकिन उस मकान के भीतर खौफ से कांप रहे छह लोगों के लिए यह जिंदगी और मौत के बीच का वो फासला था, जिसे वे ताउम्र नहीं भूल पाएंगे। 26 अगस्त को नेपाल की त्रिशूली नदी में आई विनाशकारी बाढ़ में इस 'वायरल ग्रीन हाउस' में फंसी लक्ष्मी पांडे और उनके परिवार ने उस मंजर की दास्तां बयां की है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाली है।

दुकान से दौड़कर घर पहुंची लक्ष्मी

घटना वाले दिन को याद करते हुए लक्ष्मी पांडे ने ANI को बताया कि वह और उनके पति घर से करीब पांच मिनट की दूरी पर स्थित अपनी दुकान पर थे। जैसे ही बाढ़ का खतरा बढ़ा, दोनों अपनी सास और बेटी को बचाने के लिए घर की ओर दौड़े। लक्ष्मी ने बताया कि मैंने अपनी सासू मां से रोते हुए कहा कि मम्मी जी, बहुत भयानक बाढ़ आ रही है, सब छोड़कर तुरंत भागो, लेकिन उन्होंने कहा कि यहां ऐसा हादसा कभी नहीं हुआ, पानी हमारे घर तक नहीं आएगा। लेकिन ठीक उसी पल हमारी आंखों के सामने पुराना पुल टूट गया और पानी का सैलाब हमारी तरफ आ गया। मैंने कहा कि देखिए, पानी आ गया, अब हम भाग भी नहीं सकते।

भागने का रास्ता बंद, घर की ऊपरी मंजिल बनी सहारा

भागने का रास्ता बंद होते ही लक्ष्मी, उनके पति, ससुर, बेटी और एक पड़ोसी सभी घर की पहली मंजिल की ओर भागे। पानी का बहाव इतना तेज था कि मकान ताश के पत्तों की तरह हिलने लगा। लक्ष्मी ने बताया कि ऐसा लग रहा था मानो 2015 का विनाशकारी भूकंप फिर से आ गया हो। दोनों तरफ से नदी का पानी सीधे मकान की दीवारों से टकरा रहा था और आसपास के घर ढह रहे थे।

पड़ोसी बने फरिश्ते, जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू

परिवार का डर तब और बढ़ गया जब उनके पड़ोस का एक मकान बाढ़ के पानी में ढह गया। लक्ष्मी के मुताबिक, उस समय उन्हें लगा कि अब बचने की कोई संभावना नहीं है। लेकिन कुछ पड़ोसियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना परिवार को बचाने का फैसला किया। चार-पांच लोग आगे आए और मुश्किल हालात के बीच सभी को घर से सुरक्षित निकालने में कामयाब रहे। लक्ष्मी ने कहा कि ये लोग उनके लिए भगवान के भेजे फरिश्तों की तरह थे।

'हमें दूसरी जिंदगी मिली है'

उन्होंने कहा कि वे सभी खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं और इसे भगवान की कृपा समझते हैं। लक्ष्मी के मुताबिक, जो लोग उन्हें बचाने आए, वे उनके लिए भगवान के रूप में सामने आए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार अब भगवान का शुक्रिया अदा कर रहा है, क्योंकि उन्हें दूसरी जिंदगी मिली है। बाढ़ के दौरान घर में मौजूद सभी छह लोग सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।