
पाकिस्तानी सैनिक (Photo - ANI)
खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में तेज़ी से बढ़ रहे आतंकवाद से स्थिति काफी गंभीर हो चुकी है। पाकिस्तान (Pakistan) सरकार और सेना के लिए यह चिंता का बड़ा कारण है। आतंकवाद के मामले में खैबर पख्तूनख्वा पाकिस्तानी प्रांतों में सबसे आगे है। ऐसे में प्रांत में बढ़ रहे आतंकवाद को काबू में करने के लिए पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई भी जारी है।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस - आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations - ISPR) ने जानकारी दी कि सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान (North Waziristan) जिले में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 आतंकियों को ढेर कर दिया। जानकारी के अनुसार सेना ने आतंकियों की गतिविधियों पर नज़र रखने और उनके ठिकानों के ख़िलाफ एक टारगेटेड सैन्य ऑपरेशन शुरू करने के यह कार्रवाई की, जिसमें सेना को सफलता मिली।
बताया जा रहा है कि जिन 5 आतंकियों को पाकिस्तानी सेना ने मार गिराया, वो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehreek-e-Taliban Pakistan aka TTP) संगठन के सदस्य थे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी काफी ज़्यादा एक्टिव है और इस समय पाकिस्तानी सरकार और सेना के सिरदर्द बड़ी वजह भी बना हुआ है।
पूरे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में टीटीपी का नेटवर्क फैला हुआ है और आतंकी समय-समय पर हमलों को अंजाम देते हैं, जिनमें मुख्य तौर पर सुरक्षाबलों और फिर सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाया जाता है। खैबर पख्तूनखा की बॉर्डर अफगानिस्तान (Afghanistan) से लगती है और अफगान तालिबान (Taliban) से भी टीटीपी को पूरा समर्थन मिलता है। इस वजह से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव भी काफी बढ़ गया है।
पाकिस्तानी सरकार ने खैबर पख्तूनखा में आतंकवाद पर लगाम कसने के लिए सेना की कार्रवाई को बेहद ज़रूरी बताया है। पाकिस्तानी सरकार के आदेश पर ही देश की सेना ने सैन्य अभियान तेज़ कर दिया है। सरकार और सेना ने साफ कर दिया है कि आतंकियों को खत्म करने के लिए प्रांत में सैन्य कार्रवाई इसी तरह चलती रहेगी।
Updated on:
06 Oct 2026 07:35 pm
Published on:
06 Oct 2026 07:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
