13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Saudi Oil Pipeline Attack: सऊदी तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमले के बाद पाकिस्तान आया साथ, शहबाज शरीफ ने की सऊदी के क्राउन प्रिंस से बात

Pakistan With Saudi Arabia: सऊदी अरब की महत्वपूर्ण तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की। उन्होंने हूती हमलों की निंदा करते हुए सऊदी अरब के साथ पाकिस्तान की पूरी एकजुटता जताई।
2 min read
Google source verification
Pakistan Prime Minister Shehbaz Sharif and Saudi Crown Prince Mohammed bin Salman

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (फोटो-IANS)

Saudi Oil Pipeline Attack: सऊदी अरब की महत्वपूर्ण तेल पाइपलाइन और अन्य आर्थिक ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हालिया ड्रोन हमलों के बाद पाकिस्तान ने खुलकर सऊदी अरब का समर्थन किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) से फोन पर बात कर हूती हमलों की कड़ी निंदा की और कहा कि पाकिस्तान सऊदी अरब के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

शहबाज शरीफ ने हूती हमलों की निंदा की

सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के अनुसार, शहबाज शरीफ और मोहम्मद बिन सलमान के बीच क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और तनाव कम करने के कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा हुई। शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब को निशाना बनाकर किए गए हूती हमलों की निंदा की। उन्होंने इसे सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का खुला उल्लंघन बताया। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब के महत्वपूर्ण तेल ढांचे पर हुए हमलों की भी निंदा की।

तेल पाइपलाइन को बनाया गया निशाना

सऊदी विदेश मंत्रालय ने बताया था कि रियाद और मदीना क्षेत्रों में मौजूद ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को कई ड्रोन से निशाना बनाया गया। ये ड्रोन इराक से लॉन्च किए गए थे। हमले में कुछ लोग घायल हुए और पाइपलाइन को कुछ नुकसान भी पहुंचा, जिसे ठीक करने का काम किया जा रहा है। लगातार ड्रोन हमलों के बाद सऊदी अरब ने फिलहाल पाइपलाइन को बंद रखने का फैसला किया है।

सऊदी अरब के संयम की भी सराहना

शहबाज शरीफ ने सऊदी नेतृत्व के संयम की सराहना की। उन्होंने इराकी सरकार के उन प्रयासों का भी समर्थन किया, जिनका उद्देश्य अपनी जमीन का इस्तेमाल सऊदी अरब और पड़ोसी देशों पर हमले करने के लिए रोकना है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि हालिया हमले क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं। उनके अनुसार, इन घटनाओं के वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा पर भी गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

तनाव कम करने के लिए प्रयास जारी

शहबाज शरीफ ने कहा कि वह, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर और उप प्रधानमंत्री इशाक डार क्षेत्र में तनाव कम करने तथा शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रखेंगे। दोनों नेताओं ने आपसी संपर्क बनाए रखने और जल्द मुलाकात करने पर भी सहमति जताई। इस बातचीत ने बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच पाकिस्तान और सऊदी अरब के करीबी कूटनीतिक संबंधों को फिर सामने रखा।