
रूस ने यूक्रेन पर किया हमला (Photo - @ZelenskyyUa)
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) रुकने का नाम नहीं ले रहा है। 24 फरवरी 2022 को शुरू हुए इस युद्ध की वजह से यूक्रेन में भारी तबाही मच चुकी है और अभी भी यह सिलसिला जारी है। रूस को भी इस युद्ध की वजह से नुकसान झेलना पड़ रहा है, लेकिन उसकी सैन्य कार्रवाई बरकरार है। हर बार सर्दी के मौसम से पहले रूस अपने हमले बढ़ा देता है और इस बार भी ऐसा ही देखने को मिल रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की ( Volodymyr Zelenskyy) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए प्रिलुकी में पांच मंज़िला अपार्टमेंट इमारत पर रूसी मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 और घायलों की संख्या बढ़कर 54 होने की बात बताई। ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "इतने भयानक हमले के बाद भी रूस हमारे इलाकों पर हमले करता रहा। आज सुबह रूस ने क्रामटोरस्क में सामान्य लोगों के लिए बने ट्रांसपोर्ट स्टॉप पर हवाई बम से हमला किया। इस अभी तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। शाम को कीव में एक रिहायशी इमारत पर हमले में 2 लोगों की जान चली गई। मैं पीड़ितों के सभी परिवारों और चाहने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। 4 और लोग घायल हुए, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं। ओडेसा इलाके में रूसी ड्रोन हमले से जानवरों के एक शेल्टर को नुकसान पहुंचा। एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिर से हमला हुआ। कुल मिलाकर रूसी हमलों से यूक्रेन के 10 इलाकों में तबाही मची।"
ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "मैं अपने उन सहयोगियों का आभारी हूं जो कल रूस के इन अपराधों पर चुप नहीं रहे। लेकिन यह ज़रूरी है कि बातों से मिला समर्थन यूक्रेन की सुरक्षा के लिए नए पैकेज के रूप में ठोस रूप ले। एंटी-बैलिस्टिक क्षमताएं, हमारे फाइटर जेट्स के लिए गोला-बारूद और इंटरसेप्टर में इन्वेस्टमेंट, ये सब सीधे तौर पर हर दिन लोगों की जान बचाने में मदद कर रहा है। आज और कल यूक्रेन के सहयोगियों के साथ हमारी अहम बातचीत होगी। हमें उम्मीद है कि इससे हमारी सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए ठोस और असरदार परिणाम सामने आएंगे।"
Updated on:
08 Oct 2026 05:15 pm
Published on:
08 Oct 2026 05:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
