
आतंकी (Representational Photo)
पाकिस्तान (Pakistan) के खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में आतंकवाद बढ़ता ही जा रहा है। सरकार और सेना इस पर लगाम कसने की काफी कोशिश कर रही है। सेना ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तेज़ कर दी है और पिछले कुछ महीनों में कई आतंकियों को मार गिराया है, लेकिन इसके बावजूद आतंकियों के हौसले कमजोर नहीं हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी अक्सर ही सुरक्षाबलों और सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाते हैं और आज फिर ऐसा ही देखने को मिला।
खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान (Dera Ismail Khan) जिले में आज दो आतंकी हमलों के मामले सामने आए, जिनमें 5 सरकारी अधिकारियों की मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी दी कि कुरैशी मोड़ के पास आतंकियों ने फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के चार अधिकारियों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की और उन्हें मार दिया। वहीं मुफ्ती महमूद चौक बाईपास के पास एक अन्य आतंकी हमले में हाईवे ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी की भी आतंकियों ने जान ले ली।
मुफ्ती महमूद चौक बाईपास के पास हुए आतंकी हमले में एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। उसे नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
इन दोनों वारदातों को अंजाम देने के बाद आतंकी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आसपास के इलाकों में उन्हें ढूंढा जा रहा है। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
फिलहाल इन आतंकी हमलों की किसी ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस को शक है कि दोनों वारदातों को तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehreek-e-Taliban Pakistan aka TTP) के आतंकियों ने ही अंजाम दिया है। टीटीपी का नेटवर्क पूरे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में फैला हुआ है और अक्सर ही इस तरह के आतंकी हमले देखने को मिलते हैं, जिनमें ज़्यादातर सुरक्षाबलों और सरकारी अधिकारियों पर हमले किए जाते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खैबर पख्तूनखा आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान के अन्य सभी प्रांतों से आगे है।
Updated on:
06 Oct 2026 08:43 pm
Published on:
06 Oct 2026 08:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
