
government school
आगरा। उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूल का एक वीडियो वायरल हुआ। ये वीडियो पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसई का था। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता था, कि स्कूल में पढ़ने के लिए आने वाले बच्चों से अध्यापक काम करा रहे थे। बच्चों से मिट्टी को विद्यालय परिसर के गढ्डों में डलवाया जा रहा था। इस खबर को पत्रिका द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
ये था मामला
ब्लॉक जगनेर के बसई न्याय पंचायत के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसई के वायरल इस वीडियो में स्कूली छात्र फावड़ा और तसले से मिट्टी भरकर स्कूल परिसर में उस स्थान पर डाल रहे हैं, जहां बारिश के दौरान पानी भर जाता है। बताया गया है कि केन्द्र प्रभारी ललित कुमार व इंचार्ज मनोज कुमार द्वारा बच्चों से काम कराया जा रहा है। स्कूल में पानी न भरे इसके लिए बजट तो विभाग से ले लिया गया, लेकिन मजदूरी के पैसे बचाकर बच्चों से ये अध्यापक काम करा रहे थे।
सीडीओ ने की कार्रवाई
ये खबर सीडीओ रविन्द्र कुमार मादंड तक पहुंची, तो उन्होंने संज्ञान लिया। इस मामले में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसई के शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के लिए सीडीओ ने निर्देश जारी किये हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि आगे से इस प्रकार की कोई घटना सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
9 Aug 2018, 3:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.