
Marriage
आगरा। यदि पुत्री की शादी करने जा रहे हैं, तो पैसों की जरूरत तो होगी ही, ऐसे में यदि आपको पुत्री की शादी में देने के लिए सामान और 20 हजार रुपये चाहिए, तो मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनातंर्गत रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
1500 जोड़ों का होना है चयन
मुख्य विकास अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में ’’मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत’’ समस्त वर्गों के लगभग 1500 जोड़ों के विवाह जनपद आगरा में कराये जाने हैं। उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत आर्थिक सहायता के रुप में रुपये 20 हजार कन्या के खाते में तथा रुपये 10 हजार तक की आवश्यक सामग्री (कपड़े, बिछिया, पायल, बर्तन) एवं विधवाओं, परित्यक्ता की शादी हेतु रुपये 25 हजार तथा रुपये 5000 तक की आवश्यक सामग्री (कपड़े, बिछिया, पायल, बर्तन) दिये जाने का प्रावधान है।
इस तरह उठायें लाभ
इस योजनान्तर्गत लाभ लिए जाने सम्बन्धी इच्छुक व्यक्ति अपने क्षेत्र के खण्ड विकास अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत) तथा अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, आयुक्त नगर निगम आगरा से सम्पर्क कर शासनादेशानुसार कन्या एवं वर का संयुक्त रुप से पंजीकरण कराते हुए निर्धारित प्रारुप पर आवेदन पत्र मयसंलग्नकों सहित (आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, बैंक खाता, उम्र प्रमाण पत्र) सम्बन्धित कार्यालय में जमा कर दें।
ये भी पढ़ें - पुलिस अधिकारी ने युवती को बंधक बनाया, मदद के बहाने दुराचार का प्रयास
करें संपर्क
इसके साथ ही ऐसी स्वंय सेवी संस्थाऐं जो सामूहिक विवाह कार्यक्रम हेतु कार्यरत हैं, वह भी विवाह कार्यक्रम हेतु सम्बन्धित अधिकारियों से सम्पर्क करें। उक्त संस्थाओं को कार्यक्रम के आयोजन टेंट, विद्युत, भोजन, पानी, विवाह संस्कार आदि सम्बन्धी रुपये 5 हजार प्रति जोड़े के हिसाब से दिया जाएगा।
Published on:
3 May 2018, 9:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.