
एक तरफ जहां डॉक्टरों को भगवान का दर्जा दिया जाता है तो वहीं दूसरी तरफ उनके कुछ ऐसे कृत्य सामने आ जाते हैं जो लोगों के मन में शंका डालने पर विवश कर देते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सामने आया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक ऐसे डॉक्टर की करतूत का पर्दाफाश किया है, जो मात्र 10 हजार रुपए के लिए भ्रूण परीक्षण कर रहा था। यदि गर्भ में लड़की होती है तो उसकी हत्या करवा देता। हरियाणा एसटीएफ की टीम ने अस्पताल पर छापा मारकर एक स्टिंग ऑपरेशन के तहत आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया है। इस मामले में आगरा पीसीपीएनडीटी के नोडल डॉ. वीरेंद्र भारती ने तीन डॉक्टर और अन्य के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर समेत तीन लोगों के हिरासत में लिया है। साथ ही उन्हें ऑपरेशन थिएटर की डस्टबिन में करीब पांच माह का भ्रूण भी मिला है।
ये भी पढें:
40 हजार में सौदा किया सौदा
मामला जिले के थाना एत्मादुद्दौला के ट्रांस यमुना कालोनी के फेस टू में प्रिया हॉस्पिटल है। अस्पताल का संचालन डॉ. राजीव कुमार करते है। पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र भारती के मुताबिक, इस अस्पताल में भ्रूण का परीक्षण किए जाने की लीड एसटीएफ हरियाणा को मिल रही थी। जिसके बाद हरियाणा की टीम ने एक डमी गर्भवती महिला का भ्रूण जांच कराने के लिए हरियाणा के ही डॉ. अवनीश से 40 हजार में सौदा किया।
ये भी पढें:
टीम को देखकर डॉक्टर बाथरूम में घुस गया
जानकारी के मुताबिक, डॉ. अवनीश ने अपने एजेंट नौशाद सिद्दीकी से बात कराई और 20 हजार रुपये डॉक्टर ने अपने एकाउंट में पहले ही ट्रांसफर करवा लिए थे। जिसके बाद एजेंट गर्भवती महिला को एजेंट प्रिया हॉस्पिटल लेकर आया और अल्ट्रासाउंड कक्ष में ले गया। जैसे ही डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड शुरू किया तभी एसटीएफ हरियाणा टीम ने छापा मार दिया। आरोप है कि मौके पर डॉ. राजीव कुमार अल्ट्रासाउंड करते हुए मिले। टीम को देखकर डॉक्टर बाथरूम में घुस गया और 10 हजार रुपये वॉशबेसिन की पाइप लाइन में छुपाने का प्रयास किया, लेकिन एसटीएफ की टीम ने रुपये निकाल लिए।
आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर
टीम ने जब एजेंट और डॉक्टर से जब्त किए नोटों के नंबर का मिलान किया तो वही रुपये निकले जो स्टिंग के दौरान एजेंट को दिए गए थे। वहीं स्वास्थ्य विभाग और एसटीएफ की टीम ने ऑपरेशन थिएटर की जांच की तो डस्टबिन में भ्रूण मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर डॉक्टर ने बताया कि जैतपुर कला की गर्भवती का अभी स्टाफ नर्स ने गर्भपात किया है। बताया कि महिला की पहले से तीन बेटियां थी। चौथी बार भ्रूण ***** जांच कराने पर बेटी होने पर मौके पर ही गर्भपात करा दिया गया। भ्रूण करीब चार से पांच महीने का था। एसटीएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉक्टर समेत सभी आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
Published on:
22 May 2022, 12:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.