
Vande Bharat Metro Train: यूपी वालों के लिए रेलवे ने बड़ी खुशखबरी दी है। इसके तहत उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के लिए एक और वंदे भारत ट्रेन फर्राटा भरने वाली है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नई दिल्ली और आगरा के बीच यह ट्रेन चलेगी। आगरा-वंदे भारत मेट्रो एक्सप्रेस ट्रेन जल्द ही अपनी पहली यात्रा पर निकल सकती है। वंदे भारत मेट्रो ट्रेन की स्पीड की बात करें तो आगरा-वंदे भारत मेट्रो ट्रेन 160 किमी/घंटा की गति से रफ्तार भरेगी। ऐसे में यह मौजूदा नई दिल्ली इंटरसिटी सर्विस को कड़ी टक्कर देती नजर आएगी। इसके साथ ही आगरा से नई दिल्ली की 200 किलोमीटर की दूरी मात्र सवा घंटे में तय की जा सकेगी।
रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जया वर्मा सिन्हा ने बताया कि नई दिल्ली-आगरा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में 16 कोच होंगे। यह अपने अंतिम गंतव्य नई दिल्ली पहुंचने से पहले आगरा और लखनऊ स्टेशनों से गुजरेगी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली-आगरा वंदे भारत मेट्रो एक्सप्रेस का जुलाई में रेलवे सेक्शन पर ट्रायल किया जाएगा।
दरअसल, आगरा और नई दिल्ली के बीच की दूरी लगभग 200 किलोमीटर है। फिलहाल आगरा और नई दिल्ली के बीच चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन सुबह 5.50 बजे कैंट स्टेशन से रवाना होती है। ऐसे में माना जा रहा है कि नई दिल्ली-आगरा वंदे भारत मेट्रो एक्सप्रेस ट्रेन की टाइमिंग भी सुबह की हो सकती है।
रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जया वर्मा सिन्हा ने बताया कि भारतीय रेलवे अब 150 से 200 किमी की दूरी वाले शहरों के बीच वंदे भारत मेट्रो चलाने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि बीते मंगलवार को पलवल और वृदावन के बीच वंदे भारत ट्रेन में कवच सिस्टम का ट्रायल किया गया। यह 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली 8 डिब्बों की वंदे भारत ट्रेन थी।
सिन्हा ने खुद इसमें यात्रा करते समय कवच की क्षमता का आकलन किया। यह सफल रहा और ट्रेन कवच की मदद से लाल सिग्नल पर अपने आप रुक गई। ट्रेन ने लोको पायलट के हस्तक्षेप के बिना कवच की मदद से सभी गति प्रतिबंधों का पालन किया। इस ट्रायल को देखते हुए अब वंदे भारत मेट्रो ट्रेन यूपी में भी चलाने का निर्णय लिया गया है। इसका पहला ट्रायल जुलाई में आगरा से नई दिल्ली के बीच किया जाएगा।
Published on:
17 May 2024 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
