
घर में नौकरानी है तो रहें सावधान, आपके बच्चे को भी कर सकती है ऐसे ब्लैकमेल
आगरा। घरों में काम करने वाली नौकरानी आपके बच्चों को ब्लैकमेल तो नहीं कर रही है। जरा सावधान रहें। आगरा में एक हाईप्रोफाइल फैमिली में बेटे को ब्लैकमेल किया जा रहा था। कारोबारी के पुत्र को नौकरानी ब्लैकमेल कर रही थी और वो चुप था। नौकरानी की डिमांड पूरी करने के लिए उसने चोरी भी करना शुरू कर दिया। जब घर में परिजनों को कुछ संदेह हुआ तो मामला खुला और उन्होंने नौकरी को छात्र से रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
पूरा मामला थाना हरीपर्वत के खंदारी क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी का है। उनका 13 वर्षीय बेटा शहर के एक कॉन्वेंट स्कूल में सातवीं का छात्र है। कारोबारी को कैंसर है। कारोबारी की देखभाल में समय अधिक लगने पर इस साल फरवरी में घर के कामकाज के लिए डेढ़ हजार रुपये महीने पर एक नौकरानी रख ली। वह जगदीशपुरा क्षेत्र की रहने वाली है। अप्रैल में दंपति इलाज के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहे। बेटे ने माता-पिता की गैर मौजूदगी में अपने कुछ दोस्तों को घर पर बुलाना शुरू कर दिया। वह बाजार से फ्लेवर्ड हुक्का खरीदकर लाया और दोस्तों के साथ पीने लगा।
नौकरानी ने देखा लिया हुक्का पीते
बताया गया है कि कारोबारी का पुत्र अपने मित्रों के साथ फ्लेवर्ड हुक्का पी रहा था, जिसे उसकी नौकरानी ने देख लिया। नौकरानी ने उसे डरा धमका दिया। कहा कि परिजनों से इसकी शिकायत करेगी। कारोबारी का पुत्र डर गया और नौकरानी से मिन्नतें करने लगा। इस बात को गुप्त रखने के एवज में नौकरानी ने कारोबारी के पुत्र को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उससे मोटी रकम ऐंठना शुरू कर दिया। कारोबारी का बेटा घर से पैसे चुराकर नौकरानी को देने लगा। लगातार रुपये चोरी होने पर अभिभावकों को बेटे पर शक हुआ। उन्होंने बेटे से सख्ती से पूछताछ की। इस पर उसने नौकरानी द्वारा ब्लैकमेल कर रकम वसूलने की जानकारी दी। बेटे के माध्यम से फोन कर रकम देने के लिए बुला लिया।
पूरी घटना का बनाया वीडियो और पुलिस को सौंपा
परिजनों ने नौकरानी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाया। नौकारनी को पुलिस को सौंप दिया। नौकरानी ने कुछ महीने पहले ही स्कूटी खरीदी है। शक है कि यह गाड़ी भी बेटे को ब्लैकमेलिंग की रकम से खरीदी हैं। नौकरानी का कहना है कि वह छात्र को ब्लैकमेल नहीं कर रही थी। छात्र उससे हुक्का पीने को फ्लेवर मंगाने के लिए रकम देता था।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच चल रही है।
Published on:
06 Aug 2018 09:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
