बुजुर्ग दंपति पर टूटा बदमाशों का कहर
बाह थाना क्षेत्र के होलीपुरा गांव में रामज्ञान अपनी पत्नी सहित रहता था। बुजुर्ग दंपति परचून की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह उन्हें इस घटना का पता चला, जब दंपति के घर से चीख पुकार की आवाज आई। अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग दंपत्ति को पीट पीट कर मरणासन्न हालत में छोड़ दिया। माना जा रहा है कि बदमाश उन्हें मरा हुआ समझकर छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों ने घर में रखा नगदी और आभूषण लूट लिया। बुजुर्ग दंपति के घर पड़ी डकैती से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को दी गई सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया। सूत्र बताते हैं कि जिस तरीके से मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे लगता है कि बाबरिया गिरोह का काम है। वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।