23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद: शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिले

गुजरात में मंगलवार को मतदान होना है। उससे पहले सोमवार को अहमदाबाद के कई स्कूलों में बम की धमकी भरे ईमेल मिले। इससे स्कूल प्रशासन सकते में आ गए। शहर पुलिस ने सूचना मिलते ही सभी में जांच की। कुछ भी शंकास्पद नहीं मिला।

2 min read
Google source verification
Amrata school

अहमदाबाद शहर के घाटलोडिया इलाके में स्थित अमृता स्कूल में जांच करते पुलिस कर्मचारी।

दिल्ली के बाद अहमदाबाद शहर में भी सोमवार को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। अहमदाबाद सहित राज्य भर में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से एक दिन पहले धमकी मिलने से स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। स्कूलों की ओर से शहर पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई, जिससे अहमदाबाद शहर पुलिस, क्राइम ब्रांच, एसओजी, साइबर क्राइम ब्रांच की टीमों ने बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड के साथ स्कूलों पर पहुंच कर जांच की। जांच में कुछ भी शंकास्पद नहीं मिलने पर पुलिस व स्कूल प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि गनीमत यह रही कि स्कूलों में अभी छुट्टियां चल रही हैं, जिससे स्कूल में विद्यार्थी नहीं थे। सिर्फ स्कूल के कर्मचारी ही थे।अहमदाबाद शहर जिला शिक्षा अधिकारी सूत्रों के तहत शहर के 24 स्कूलों को ऐसे धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना है। सभी में जांच की गई है। धमकी फर्जी पाई गई है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

एक ही ई-मेल एड्रेस से भेजे गए हैं ईमेल

शहर क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) शरद सिंघल ने संवाददाताओं को बताया कि अहमदाबाद शहर और ग्रामीण इलाके के कुल 16 स्कूलों को ऐसे धमकी भरे ईमेल मिले हैं। यह सभी एक ही ई-मेल एड्रेस से भेजे गए थे। इसमें 12 स्कूल अहमदाबाद शहर के हैं, जबकि 4 अहमदाबाद ग्रामीण के हैं। सभी की जांच की गई हालांकि किसी स्कूल में कोई शंकास्पद वस्तु नहीं मिली अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्कूल प्रशासन को किसी भी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। शहर व गुजरात पुलिस हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार है और लोगों के साथ है।

साइबर क्राइम ब्रांच में दर्ज की है प्राथमिकी

सिंघल ने बताया कि साइबर क्राइम ब्रांच ने धमकी भरे ईमेल भेजने वाले के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक ही ई-मेल एड्रेस का उपयोग किया है। इसलिए एक ही मामला दर्ज किया गया है। कुछ दिन पहले दिल्ली में भी इस प्रकार से 100 से ज्यादा स्कूलों को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।

सूत्रों के तहत अहमदाबाद के स्कूलों में भी दिल्ली की तर्ज पर रूस के डोमेन के जरिए धमकी भरे ईमेल भेजे गए हैं। बताया जाता है कि इसमें अरबी शब्दों का उल्लेख किया गया था। ई-मेल के सोर्स और मैसेज को डिकोड करने को लेकर जांच जारी है।

इन स्कूलों को मिला धमकी भरा ईमेल

अहमदाबाद शहर : आरबी कैन्टोनमेंट एपीएस स्कूल शाहीबाग, केन्द्रीय विद्यालय ओएनसीजी चांदखेड़ा, केन्द्रीय विद्यालय साबरमती, न्यू नोबल स्कूल- कठवाडा, नरोडा, अमृता विद्यालय -घाटलोडिया, केलोरेक्स स्कूल -घाटलोडिया, ग्रीन लॉन्स स्कूल वटवा, महाराजा अग्रसेन विद्यालय- मेमनगर, आनंद निकेतन स्कूल- सेटेलाइट, एशिया इंग्लिश स्कूल- वस्त्रापुर, कुमकुम विद्यालय- घोड़ासर, स्वामीनारायण स्कूल-मणिनगर, लायन्स कर्णावती एन एच हिंदी स्कूल- नवा वाडज

ज्यादातर स्कूलों में मतदान केन्द्र

क्राइम ब्रांच जेसीपी शरद सिंघल ने बताया कि शहर के 12 में से 11 स्कूलों में मतदान केन्द्र भी हैं। मंगलवार सुबह से मतदान शुरू होना है। गंभीरता के साथ मामले की जांच की गई। सभी स्कूल परिसरों की जांच कर ली गई जिसमें कुछ भी शंकास्पद नहीं मिला है। लोग बिना किसी डर और संकोच के मतदान कर सकते हैं। सभी जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।