
अजमेर। खनिज नगर में रविवार सुबह एक छात्र महेंद्रगढ़ (हरियाणा) निवासी रक्षित का अपहरण हो गया। अपहर्ता छात्र से मारपीट कर उसे कार में डाल चंपत हो गए। लेकिन पुलिस ने नाकाबंदी कर करीब चार घंटे में एक अपहर्ता युवती के पिता सतीश को दबोच लिया जबकि उसका भाई सुनील भागने में सफल हो गया। पूरा मामला प्रेम प्रसंग का निकला।
पुलिस के मुताबिक रक्षित का हाल में एक इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन हुआ है। रक्षित का महेंद्रगढ़ की ही युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती भी अजमेर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग कर रही है। प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के पिता सतीश और रक्षित का महेंद्रगढ़ में पिछले दिनों झगड़ा भी हुआ। रविवार को सतीश और उसका भाई सुनील कार लेकर रक्षित के मकान पर पहुंचे और मारपीट कर रक्षित को कार में बैठा फरार हो गए।
अपहर्ताओं ने रक्षित से मारपीट का वीडियो भी वायरल किया। इसमें छात्र चोटिल भी नजर आया। सोशल मीडिया पर वायरल होता हुआ वीडियो पुलिस तक पहुंचा। इस पर हरकत में आई पुलिस ने खनिज नगर और आसपास के इलाके में पूछताछ की। कैमरे में अपहर्ताओं की कार कई इलाकों से गुजरती दिखी। लोकेशन सामने आते ही पुलिस ने संबंधित थाने को सूचना देकर कार को रुकवा लिया।
Published on:
21 Jul 2019, 8:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.