
अजमेर/भिनाय/नागोला। नागोला के निकटवर्ती ग्राम चांपानेरी क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारों ने युवक की दोनों आंखें फोड़ दी और शव को बरसाती पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। मृतक दो दिन से घर से लापता था। बुधवार को बाबा ऋषिकेश स्थल के निकट कालबेलियों का झोंपड़ा मार्ग पर पानी से भरे गड्ढे में उसका शव मिला।
सूचना पर भिनाय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त चांपानेरी निवासी दीपक (27) उर्फ कालू पुत्र रतनलाल तेली के रूप में हुई। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। हत्यारों का सुराग भी नहीं लगा है। अजमेर से पहुंची एफ एसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजन की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दो दिन से था लापता
भिनाय थानाप्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि परिजन के अनुसार दीपक सोमवार शाम को खाना खाने के बाद मोटरसाइकिल लेकर घर से बाहर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों को पानी में शव पड़ा नजर आया। गड्ढे के पास ही उसकी मोटरसाइकिल पड़ी मिली।
बेरहमी से पीटा, घसीटा
पुलिस के अनुसार शव पर कई जगह चोटों के निशान है। वहीं सिर पर गहरा घाव है। लाठी से पीट-पीट कर हत्या की गई है। गड्ढे के आसपास खून बिखरा पड़ा मिला। हत्यारों ने उसे काफी दूर तक घसीटा और चाकू से उसकी दोनों आंखें फोड़ डाली। पुलिस इस मामले को प्रेमप्रसंग से जोड़कर भी जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने बताया कि दीपक पेशे से जेसीबी चालक था। उसके दो वर्ष की पुत्री व एक माह का पुत्र है। इधर मसूदा विधायक राकेश पारीक भी घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
Updated on:
16 Oct 2019, 7:25 PM IST
Published on:
16 Oct 2019, 7:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.