
अजमेर। सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने मोबाइल स्नेचर को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। आरोपित ने शहर में दर्जनों राहजनी की वारदातें अंजाम देना कबूली है। थानाप्रभारी दलबीरसिंह फौजदार ने बताया कि सिविल लाइंस थाने के एएसआई सुवालाल, सिपाही समित, डीएसटी टीम के सिपाही रामनिवास ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आदर्शनगर बालूपुरा निवासी राकेश गुर्जर को हिरासत में लिया। पुलिस पड़ताल में आरोपित ने मोबाइल स्नेचिंग की वारदात अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपित निजी स्कूल का बस चालक है। वह बस को खड़ा करके मोटरसाइकिल से वारदात करता था। इसके बाद शाम को फिर सक्रिय होता। आरोपित पिछले 6-7 माह से लगातार वारदात अंजाम दे रहा था। फौजदार ने बताया कि 14 जून को लोहाखान नई बस्ती निवासी महेन्द्र डांगी ने रिपोर्ट दी कि वह 12 जून को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल से शाम साढ़े 5 बजे घर की तरफ आ रहा था। तभी अजमेर क्लब पर पहुंचने पर उसे एक शख्स ने आवाज लगाई।
उसने मां के अस्पपाल में भर्ती होने के बहाने लिफ्ट मांगी। आजाद पार्क के सामने बाइक रुकवाकर अपने भाई को फोन लगाने के लिए कहा। उसने फोन लगाकर दिया तो आरोपित अचानक फोन लेकर फरार हो गया। पुलिस पड़ताल में उसने 12 जून की शाम अजमेर क्लब से आगे आजाद पार्क के सामने युवक से मोबाइल फोन छीनना कबूला। पुलिस ने उसने लूट के 10 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
Published on:
16 Jun 2023 04:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
