
अजमेर. अजमेर विद्युत वितरण निगम ने मीटर रीडिंग में फर्जीवाड़े के आरोप में तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। मेड़ता में कार्यरत दो सहायक प्रशासनिक अधिकारी अपने घर की मीटर रीडिंग को कम दर्ज करवाने में पद का दुरुपयोग कर रहे थे। इलाके में मीटर रीडिंग के लिए तैनात तकनीकी सहायक गलत रीडिंग कर उनकी सहायता कर रहा था। तीनों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जा रही है।
अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक वी. एस. भाटी को सूचना मिली की मेड़ता में कार्यरत तीन कर्मचारी इस तरह का फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। इस पर मेड़ता के अधिशासी अभियंता कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार शर्मा के खिलाफ जांच में सामने आया कि उसने अपने घर की 28 हजार यूनिट बिजली का उपभोग बिल में दर्ज नहीं होने देकर अपने पद का दुरुपयोग किया। इसी तरह सहायक अभियंता मेड़ता कार्यालय में तैनात सहायक प्रशासनिक अधिकारी अनंत कुमार शर्मा ने करीब 15 हजार यूनिट बिजली का उपभोग छुपाया। इन दोनों के कृत्य में तकनीकी सहायक गजेंद्र कुमार प्रजापत ने सहयोग किया। उसने सही मीटर रीडिंग दर्ज नहीं की। तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रबंध निदेशक भाटी ने बताया कि इन तीनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जारी है।
Updated on:
16 Jan 2020, 9:23 PM IST
Published on:
16 Jan 2020, 9:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.