
drug dealer in ajmer
अजमेर.
दरगाह थाना पुलिस ने लंगरखाना गली में कार्रवाई करते हुए खादिम समुदाय के एक युवक को मादक पदार्थ की पुडिय़ा बेचते पकड़ा। पुलिस ने उससे स्मैक की तीस पुडिय़ा बरामद की। पुलिस आरोपित से इलाके में मादक पदार्थ की तस्करी में सक्रिय अन्य लोगों के संबंध में पड़ताल में जुटी है।
घूम रहा था ग्राहक की तलाश में
थानाप्रभारी कैलाशचन्द विश्नोई ने बताया कि एसपी राजेश सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लंगरखाना गली में मादक पदार्थ की पुडिय़ा बेचने की फिराक में घूम रहे खादिम मोहल्ला डोलीवान चौक दस्तगीर मंजिल हाल सीसाखान पीर रोड गली नम्बर 4 निवासी सैयद फिरदौस अली उर्फ नाना भाई पुत्र सैयद शब्बीर अली को गिरफ्तार किया। तलाशी में आरोपित से मादक पदार्थ स्मैक की 30 पुडिय़ा बरामद की जिसका कुल वजन 2.15 ग्राम था। पुलिस ने आरोपित फिरदौस के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम में मामला दर्ज किया है। प्रकरण में अनुसंधान गंज थानाप्रभारी अनिल कुमार पांडे कर रहे हैं।
सीसाखान में बिकती पुडिय़ा
फिरदौस अली उर्फ नाना सीसाखान पीर रोड क्षेत्र में मादक पदार्थ की पुडिय़ा बेचने का काम करता है। पुलिस को भी लम्बे समय से क्षेत्र में नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी। पुलिस उससे मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त अन्य लोगों व मादक पदार्थ की सप्लाई के संबंध में पड़ताल में जुटी है। कार्रवाई में हैडकांस्टेबल सूरजकरण, सिपाही महेन्द्र सिंह, सोहनलाल, विजेश कुमार, सुरेश कुमार, जितेन्द्र शामिल थे। मालूम हो कि अजमेर का दरगाह इलाका मादक पदार्थों की तस्करी के लिए मशहूर हो चुका है।
Published on:
16 Dec 2018, 3:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.