
ऑक्सीजन सक्शन प्लांट का पैनल लीक, स्टोर में मीटर तक नहीं
ब्यावर (अजमेर).
अमृतकौर चिकित्सालय के ट्रोमा वार्ड व सीसीयू वार्ड के लिए लगे सक्शन प्लांट का पैनल लीकेज हो गया है। पैनल लीकेज होने के कारण पॉइंट तक पहुंचने वाले प्रेशर को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहती है। चिकित्सालय के स्टोर में सिलेंडर में भरे ऑक्सीजन का मात्रा जानने के लिए मीटर तक की व्यवस्था नहीं है।
अंदाज से ही सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे में कितनी ऑक्सीन सक्शन प्लांट तक पहुंची, कितनी ऑक्सीजन का उपयोग हुआ एवं पैनल लीकेज होने से कितनी उड़ गई, इसका कोई लेखा-जोखा नहीं है।
अमृतकौर चिकित्सालय के ट्रोमा वार्ड व मदर चाइल्ड विंग में ऑक्सीजन सक्शन प्लांट लगे हुए हैं।
ट्रोमा वार्ड में लगे सक्शन प्लांट का पैनल लीकेज हो गया है। इससे ऑक्सीजन निकलती रहती है। ऐसे में पॉइंट तक ऑक्सीजन को प्रेशर कम मिलने की आशंका बनी रहती है।
इसके अलावा सिलेंडर में कितनी मात्रा में ऑक्सीजन पहुंची, इसकी मात्रा की जानकारी करने के लिए मीटर तक की व्यवस्था नहीं है। स्टोर से सक्शन प्लांट या वार्ड तक पहुंचने वाला सिलेंडर पूरा भरा हुआ है, यह मात्र आपसी विश्वास पर ही चल रहा है।
पैनल दुरुस्त करवाने लिखा पत्र
ट्रोमा वार्ड व सीसीयू वार्ड में लगे सक्शन प्लांट का पैनल दुरुस्त करवाने के लिए प्लांट प्रभारी ने संबंधित को पत्र लिखा है। इस पैनल को दुरुस्त करवाने सहित अन्य खामियों को दुरुस्त करवाने के लिए लिखा गया है। गौरतलब है कि पूर्व में पॉइंट से लीकेज होने लगा था तो इसे दुरुस्त किया गया था।
यह हो रहा है नुकसान
स्टोर से आने वाले सिलेंडर में ऑक्सीजन की कितनी मात्रा है, इसको लेकर कोई आकलन नहीं रहता है। सिलेंडर की नॉब को देखकर यह मान लिया जाता है कि वह भरा हुआ है। सिलेंडर में क्षमता से अधिक ऑक्सीजन भी परेशानीदायक हो सकती है।
हर माह करीब दस से बीस सिलेंडर की खपत होती है। सप्लाई करने वाली कम्पनी का प्रतिनिधि ही मीटर से ऑक्सीजन का माप कर दिखा देता है। स्टोर में माप करने के लिए मीटर की व्यवस्था नहीं है। सक्शन प्लांट का जो पैनल लीकेज है, उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है।
पुखराज झाला, अमृतकौर चिकित्सालय, स्टोर प्रभारी
Published on:
10 Oct 2019, 2:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.