
Panchayat chunav : ईवीएम में बंद होगा आज भाग्य, आज ही खुलेगा
अजमेर.
जिले में पंचायत राज चुनाव प्रथम चरण के तहत शुक्रवार को पीसांगन, भिनाय, जवाजा एवं श्रीनगर पंचायत समिति की 7 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए मतदान होगा। पीसांगन की 24 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 264 पंच के लिए चुनाव होगा।
भिनाय में 24 सरपंच के लिए चुनाव होगा। यहां पडांगा ग्राम पंचायत में सरपंच व 5 पंचों का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। जवाजा में 46 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 396 वार्ड में पंचों का चुनाव होगा। श्रीनगर में पहले चरण के चुनाव में मात्र 7 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इसमें 87 वार्डपंच चुने जाएंगे।
पीसांगन पंचायत समिति की शिवपुरा और सामला ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने परिसीमन को लेकर नाराजगी जताते हुए पूर्व में चुनाव बहिष्कार की बात कही।
सामला को जेठाना से हटाकर नवगठित अलीपुरा ग्राम पंचायत में शामिल किया गया, जबकि शिवपुरा को करनोस से हटाकर नवगठित केसरपुरा मेवाडिय़ा में शामिल किया गया है। सामला में दो वार्डपंच के लिए किसी ने नामांकन नहीं किया, जबकि शिवपुरा में 4 वार्ड के लिए 1-1 जने ने नामांकन किया था, लेकिन बाद में चारों ने नाम वापस ले लिया।
श्रीनगर की 7 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव होगा। नसीराबाद एसडीएम व रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पंच-सरपंच के चुनाव ईवीएम से तथा वार्डपंच के चुनाव मतपत्र से होंगे। पंचायतों में पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं।
सरपंच पद के लिए भवानीखेड़ा पंचायत में 14, राजोसी में 13, न्यारा में 8, नांदला में 9, बिठूर में 4, बाघसूरी में 12, राजगढ़ पंचायत में सरपंच पद के लिए 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
भिनाय पंचायत समिति की 25 ग्राम पंचायतों में से 24 में पंच-सरपंच का चुनाव होगा। ग्राम पंचायत भिनाय में 11 दावेदार मैदान में हैं। वहीं पडांगा ग्राम पंचायत में सरपंच एवं 5 वार्डपंच निर्विरोध चुने गए हैं।
जवाजा पंचायत समिति के 46 सरपंच व 396 वार्डपंच के लिए चुनाव होगा। सरपंच के लिए 338 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राजियावास में सबसे ज्यादा 17 उम्मीदवार हैं। यहां हर बूथ पर दो ईवीएम लगाई जाएंगी। आठ ग्राम पंचायतों में दस से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं।
Updated on:
16 Jan 2020, 10:39 PM IST
Published on:
16 Jan 2020, 10:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.