
अजमेर।
राजस्थान में सरकारी नौकरियों मे पांच फीसदी आरक्षण मांग को लेकर शुक्रवार को अजमेर में गुर्जर समाज ने आक्रोश रैली निकाली। डाक बंगले से कलेक्ट्रेट पहुंची इस आक्रोश रैली ने अचानक उग्र रूप ले लिया और एक बार तो आंदोलनकारी गुर्जरों और पुलिस बल को आमने सामने होना पड़ा।
दरअसल, रैली निकाल रहे आक्रोशित गुर्जर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर मांग के समर्थन में नारे लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे थे और जिला कलेक्टर आरती डोगरा को ज्ञापन देना चाहते थे। ये लोग शनिवार को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कराने की मांग कर रहे थे। पर पुलिस की व्यवस्था के तहत कलेक्ट्रेट के दरवाजे को बंद कर किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इससे आंदोलनरत गुर्जर एकाएक आक्रोशित हो गए और उन्होंने सरकारी वाहनों को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेडऩा शुरू कर दिया जिससे एक बार तो कलेक्ट्रेट के बाहर अफरा तफरी का माहौल बन गया और चारों तरफ के रास्ते जाम हो गए।
बाद में समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के प्रतिनिधि के तौर पर बाहर आई सहायक कलेक्टर को ज्ञापन देकर प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए समय दिलाए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारी गुर्जर नेताओं का कहना है कि यदि उनकी मांगों के समर्थन में प्रशासन ने प्रधानमंत्री से समय नहीं दिलाया तो उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Updated on:
05 Oct 2018 03:02 pm
Published on:
05 Oct 2018 03:01 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
