
दसवीं व बारहवीं उत्तरपुस्तिकाओं की संवीक्षा के लिए आवेदकों की संख्या हो सकती है डेढ़ लाख पार
अजमेर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम को लेकर अब तक एक लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने ऐतराज दर्ज कराया है। इन परीक्षार्थियों ने विभिन्न विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं की संवीक्षा (री-टोटलिंग) के लिए आवेदन कर दिया है। हालांकि दसवीं परीक्षा के लिए संवीक्षा आवेदन 26 जून तक किया जा सकता है लिहाजा संवीक्षा आवेदनों की संख्या डेढ़ लाख पार हो सकती है।
बोर्ड ने सीनियर सैकंडरी और सैकंडरी परीक्षा के सभी परिणाम जारी कर दिए हैं। सीनियर सैकंडरी की उत्तरपुस्तिकाओं की संवीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि भी बीत चुकी है। इसमें सीनियर सैकंडरी कला वर्ग के लिए विलंब शुल्क के साथ संवीक्षा आवेदन की तारीख 16 जून थी। बोर्ड की दसवीं परीक्षा में साढ़े दस लाख से अधिक परीक्षार्थी बैठे थे। इसका परिणाम 11 जून को जारी किया गया था।
दो लाख से अधिक हुए फेल :
बोर्ड की बारहवीं और दसवीं परीक्षा में कुल मिलाकर 2 लाख से अधिक विद्यार्थी फेल हो गए थे। इसके अलावा 1 लाख 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री आई है। दसवीं परीक्षा में सर्वाधिक 1 लाख 39 हजार 299 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए जबकि 73 हजार 810 विद्यार्थियों को पूरक घोषित किया गया है। दसवीं की परीक्षा में ही 1 लाख 44 हजार 920 विद्यार्थियों की तृतीय श्रेणी आई है।
परिणाम सुधार के लिए संवीक्षा :
दसवीं और बारहवीं की परीक्षा मे हजारों विद्यार्थी कुछ अंकों के अंतर से अनुत्तीर्ण हो जाते है अथवा एक दो विषयों में पूरक घोषित होते हैं। यह विद्यार्थी संवीक्षा के माध्यम से कुछ अंक बढऩे की संभावना को देखते हुए री-टोटलिंग के लिए आवेदन करते हैं। इसके अलावा ऐसे विद्यार्थियों की संख्या भी काफी होती है जो एक दो अंक से ही प्रथम अथवा द्वितीय श्रेणी में आने से रह जाते हैं। लिहाजा प्रति वर्ष लगभग डेढ़ लाख विद्यार्थी उत्तरपुस्तिकाओं की संवीक्षा के लिए आवेदन कर देते हैं। हालांकि इनमें से अधिकतर के परिणाम में कोई फेरबदल नहीं होता अलबत्ता कुल मिलाकर 10 से 15 प्रतिशत विद्यार्थियो के अंकों में बढ़ोतरी भी हो जाती है।
दसवीं के लिए संवीक्षा 26 तक :
सीनियर सैकंडरी उत्तरपुस्तिकाओं की संवीक्षा के लिए आवेदन की तिथि समाप्त हो चुकी है लेकिन दसवीं की उत्तरपुस्तिकाओं की संवीक्षा बिना विलंब शुल्क के 21 जून और विलंब शुल्क के साथ आवेदन 26 जून तक किया जा सकता है। दसवीं में ही विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण संवीक्षा आवेदन में काफी बढ़ोतरी की संभावना है।
Published on:
18 Jun 2018 01:15 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
