
rsrtc,rsrtc
अजमेर. राजस्थान पथ परिवहन निगम (rsrtc) की अजमेर आगार की एक बस रविवार दोपहर पुष्कर घाटी पर पलटने से बच गई। चलती बस की स्टेयरिंग का नट निकल गया (Steering failure) इससे अनियंत्रित हुई बस घाटी पर बनी रेलिंग व पहाड़ी से टकराकर रुक गई। इससे यात्रियों में अफरा तफरी फैल गई। घबराए यात्री बस से नीचे उतर गए। सडक़ के बीचोबीच बस के फंसने से घाटी पर लम्बा जाम लग गया। ड्राइवर की सूचना पर अजमेर डिपो के मुख्य समयपालक महेन्द्र सिंह गोठियान मौके पर पहुंचे तथा अन्य कर्मचारियों के साथ घाटी पर जाम खुलवाया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रोडवेज कर्मचारियों ने टोचन कर बस को घाटी से नीचे उतारा। दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को अजमेर लाया गया।
मामले के अनुसार अजमेर डिपो की शटल सेवा आरजे 12 पीए 966 नम्बर की इस बस में 60 यात्री सवार थे। मामले की पड़ताल में सामने आया कि ड्राइवर पप्पू रावत ने कार्यशाला में मिस्त्री को स्टेयरिंग से आवाज आने की जानकारी दी थी जिसे मिस्त्री नजरंदाज कर दिया था। गनीमत रही कि बस पुष्कर से अजमेर आ रही थी यही बस के अजमेर से पुष्कर जाने के दौरान स्टेरियंग से नट निकल जाता तो बस घाटी में गिर सकती थी।
इनका कहना है
मामले की जानकारी मिलने पर बस को वर्कशाप भेजा गया है। घटना की जांच करवाई जाएगी। इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अनिल पारीक,मुख्य प्रबन्धक,अजमेर आगार आरएसआरटीसी
Published on:
23 Sep 2019, 6:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.